ढलान पर चल रही भाजपा महागठबंधन के सामने लोकसभा चुनाव में 15 सीट भी नहीं पाएगी जीत: रमेश दीक्षित

लोकसभा चुनाव में महागठबंधन

आरयू संवाददाता, 

गोरखपुर/लखनऊ। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकापा) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमेश दीक्षित प्रदेश स्तरीय दौरे पर शनिवार को मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के गृह जनपद गोरखपुर में थे। अपने प्रवास के दौरान रमेश दीक्षित ने एक प्रेसवार्ता आयोजित कर भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।

रमेश दीक्षित ने कहा कि मुल्क में और सूबे में भाजपा सरकार होने के कारण आज प्रदेश में हाहाकार मचा है। महिलाओं और बच्चियों के साथ बलात्कार और छेड़छाड़ के बाद उनकी हत्या तक की जा रही है। कुछ दिन पहले ही गोरखपुर से सटे देवरिया में संवासिनी संरक्षण गृह में देह व्यापार और बच्चियों के गायब होने और उनको देह व्यापार में जबरन धकेले जाने का मामला प्रकाश में आया है।

यह भी पढ़ें- कैराना-नूरपुर की जीत पर सपा-आरएलडी ने मनाया जश्‍न, देखें तस्‍वीरें

प्रदेश अध्यक्ष ने दावा करते हुए कहा कि यूपी में ढलान पर चल रही भाजपा की उल्‍टी गिनती शुरू हो चुकी है। किसान, नौजवान, मजदूर और छोटे उद्योगपति सहित अन्‍य वर्ग की जनता परेशान हो चुकी जनता झूठ और धोखेबाजी से आजिज आकर आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को हारने का संकल्प ले चुकी है। गोरखपुर, कैराना, फूलपुर की हार इसकी शुरुआत है। 2019 के लोकसभा चुनावो में सपा, बसपा, एनसीपी, आरएलडी सहित वाम दलों और छोटे दलों के महागठबंधन के आगे भाजपा 15 से भी कम सीटों पर सिमटने जा रही है ।

गौरक्षक बन गए हैं मानव भक्षक 

वहीं रमेश दीक्षित हालिया लिंचिंग की घटनाओं की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि जबसे भाजपा की सरकार आई असहमति, मत विभिन्नता के नाम पर पूरे देश में संघ परिवार की शह पर गुंडागर्दी चल रही है, जिसमें मुख्य रूप से दलित और मुसलमान उनके निशाने पर हैं। उन्होंने आगे कहा कि गौरक्षा के नाम पर भी देश भर में संघ समर्थित संगठन, उन्मादी भीड़ बनकर कभी मुसलमान तो कभी दलितों की खुलेआम पिटाई कर रहें हैं। भाजपा सरकार के संरक्षण में गौरक्षक प्रदेश में कानून व्यवस्था को ताक पर रखते हुए प्रदेश में नंगा नाच कर रहे हैं, सही मायने में गौरक्षक मानव भक्षक बन गए हैं।

यह भी पढ़ें- अकबर को लेकर योगी के बयान पर भड़की राकपा, कहा देश को लूटने वाले अंग्रेजों के बारे में क्‍यों नहीं कहते कुछ

गंभीर आरोप लगाते हुए प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि यूपी के साथ ही देश में भी भाजपा की सरकार होने के चलते समर्थित भारत का निर्माण हो रहा, संघ भारत के स्वभाव को बदलना और इसकी सभी संस्थाओं पर कब्जा करना चाह रहा है। ये संविधान और लोकतान्त्रिक सेक्युलर समाज के निर्माण के सपने के खिलाफ है।

 सरकार ने नहीं उठाया सार्थक कदम

उत्‍तर प्रदेश में बाढ़ के हालातों पर बात करते हुए रमेश दीक्षित मीडिया से बोले कि प्रदेश बाढ़ की चपेट में है। अब तक हजारों एकड़ पर खाड़ी फासलें बाढ़ लील गयी है, और मुख्यमंत्री केवल हवाई दौरे करके खुश हैं। एनसीपी ऐसे बाढ़ पीड़ित इलाको में तुरंत राहत कार्य व्‍यापक स्‍तर पर चलाने के साथ ही फौरन मुआवजे के एलान की भी मांग करती है। साथ ही देवरिया व गोरखपुर बाढ़ प्रभावित इलाके हैं, जहां जापानी इन्‍सेफेलाइटिस से हर साल मासूमों समेत सैंकड़ो लोगो की मौत होती है। इसके बाद भी इनकी रोकथाम के लिए अब तक कोई सार्थक कदम सरकार ने नहीं उठाया है।

यह भी पढ़ें- बैठक पर बोली राकपा संघ चला रहा योगी सरकार