आम महोत्‍सव: बोले योगी आम की सर्वाधिक प्रजातियों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता

आम महोत्‍सव
महोत्‍सव में आम देखते मुख्‍यमंत्री।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। राजधानी में दो दिवसीय लोकप्रिय आम महोत्सव का शुभांरभ शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुआ। महोत्सव का शुभारंभ मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीप जलाकर किया। इस दौरान योगी ने उद्यान विभाग की स्मारिका का विमोचन भी किया। उन्‍होंने कहा कि प्रदेश के अंदर मंडियों को सुधारने का भी कार्य किया जा रहा है। साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखते हुए मंडियों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

योगी ने कहा कि प्रदेश में पैदा होने वाली आम की सर्वाधिक प्रजातियों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। आम उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ किसानों की आय को दोगुना करने, उनके चेहरे पर खुशहाली लाने का जो प्रयास आम महोत्सव के माध्यम से किया जा रहा है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आम से बनने वाले उत्पादों को भी प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। इससे किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- औचक निरीक्षण करने शाहजहांपुर मंडी पहुंचे CM, किसानों की शिकायते भी सुनी

आम महोत्‍सव
जेली की वरायटी देखते योगी।

साथ ही किसानों को परंपरागत खेती के अलावा हार्टी कल्चर, पशुपालन की ओर भी जाना होगा। जिन किसानों ने इस क्षेत्र में कार्य किया वो आज प्रेरणा स्रोत के रूप में हमारे सामने हैं। मार्केटिंग के अभाव में हम चीजों की ब्रांडिंग नहीं कर पाते हैं।

योगी के भाषण के दौरान भड़का किसान

वहीं योगी के भाषण के दौरान उन्नाव का एक किसान आम के दामों को लेकर भड़क गया, जिससे वहां हंगामा मच गया। किसान का नाम अनिल कुमार मिश्रा बताया जा रहा है। किसान ने कहा मंडी में आम तीन रुपए किलो के हिसाब से बिक रहा है। पिछले साल जहां आम 800 रुपए कैरेट के हिसाब से बिक रहा था, वहीं इस साल 300 रुपए किलो के हिसाब से बिक रहा है। किसान को उत्‍तेजित होता देख मंच पर उपस्थित योगी उसे शांत रहने का इशारा करते रहे। हालात काबू में न होता देख सीएम के ओएसडी अभिषेक प्रकाश ने दखल दिया।

योगी आम रहा आकर्षण का केंद्र

आम महोत्सूव
आकर्षण का केंद्र बना योगी आम।

आम महोत्सव में आए लगभग 650 आम किसानों ने यहां दो हजार से ज्यादा किस्मों के आम के अलावा जेली और जैम भी प्रदर्शनी में रखे। वहीं इस बार आम महोत्सव में आकर्षण का केंद्र ‘योगी आम’ रहा। इस आम को हाजी कलीमुल्लाह की नर्सरी में तैयार किया गया है। वह इससे पहले भी आम की नई किस्म का उत्पादन कर चुके हैं, जिसका नाम उन्होंने ‘नमो आम’ रखा था।

उद्घाटन समारोह में मुख्‍यमंत्री के अलावा कैबिनेट मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, दारा सिंह चौहान, स्वाति सिंह, मोहसिन रजा, महेंद्र सिंह राणा, बलबीर सिंह आदि मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत कृषि उत्पादन आयुक्त आरपी सिंह ने किया।

आम महोत्सव
पौधा लगाते मुख्‍यमंत्री साथ में रीता बहुगुणा जोशी व अन्‍य।

यह भी पढ़ें- बोले मोदी 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का है सरकार का लक्ष्‍य

समारोह में आम के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया गया, जिनमें लखनऊ के किसानों में एससी शुक्ला, उपेंद्र सिंह, मुजफ्फरनगर से संजय वर्मा, गोराखपुर से नागेंद्र प्रताप सिंह, श्रावस्ती से पंकज देव सिंह, कुशीनगर से नागेंद्र सिंह शामिल थे। कार्यक्रम का समापन 24 जून को राज्यपाल राम नाइक करेंगे।