कांग्रेस ने कहा वादे के बाद भी भाजपा सरकार में महंगाई छू रही आसमान

कांग्रेस पार्टी

आरयू ब्‍यूरो,

लखनऊ। लगातार सामानों के दाम बढ़ने को लेकर आज कांग्रेस ने केंद्र की मोदी और राज्‍य की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए इन्‍हें वादा खिलाफी वाली सरकार बताया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्‍ता आरए प्रसाद ने कहा कि मंहगाई कम करने का वादा और दावा करके सत्‍ता में आईं भाजपा सरकारों के शासनकाल में आज जनता मंहगाई से ही बुरी तरह त्रस्त है।

उन्‍होंने यह भी कहा कि मूलभूत उपयोग में आने वाली रसोई गैस का दाम साल 2014 में प्रति सिलेण्डर लगभग चार सौ रूपये था जो तीन वर्षों में बढ़ते-बढ़ते लगभग आठ सौ रूपये प्रति सिलेण्डर हो गया है, जिससे आम जनता का घरेलू बजट पूरी तरह से बिगड़ गया है। मंहगाई को कंट्रोल करने में केन्द्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह फेल हो गई है।

यह भी पढ़ें-  कांग्रेस ने कहा गन्‍ना किसानों को न्‍याय नहीं मिला तो करेंगे बड़ा आंदोलन

आरए प्रसाद ने कहा कि सिर्फ सिलेण्डर के ही किमत में दुगुना बढ़ोतरी नहीं हुई, बल्कि सब्जियों, दालों समेत अन्‍य वस्‍तुओं के दाम भी आसमान छू रहे हैं। किसान को अपनी उपज का समुचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है वहीं कालाबाजारी के चलते आम जनता मंहगाई से पिस रही है।

उन्‍होंने आगे कहा कि किसानों को उनकी उपज का दुगुना लाभ देने का वादा करने वाली भाजपा  के शासनकाल में किसान सर्वाधिक पीडि़त है। यह समय रवी की बुआई का है। बुआई के लिए न नहरों में टेल तक पानी है और न ही किसानों को बीज व खाद उपलब्ध हो पा रहें हैं। स्थिति इतनी खराब है कि किसान खाद और बीज के लिए दर-दर भटकने के लिए मजबूर है। वहीं कालाबाजारी के विरूद्ध प्रदेश सरकार का कोई ठोस कदम न उठाने के चलते पूरे प्रदेश के किसानों में आक्रोश व्याप्त है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने जारी की दूसरी लिस्‍ट, इन दिग्‍गजों को बनाया मेयर पद का प्रत्‍याशी