एशियन गेम्‍स: दीपक कुमार ने निशाना साध भारत को दिलाया सिल्वर

एशियन गेम्‍स
सिल्वेर मेडल पर निशाना साधते दीपक।

आरयू इंटरनेशनल डेस्‍क। 

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में चल रहे 18वें एशियन गेम्स के दूसरे दिन भारतीय निशानेबाज दीपक कुमार ने सोमवार को भारत को सिल्वर मेडल दिलाया है। निशानेबाजी में भारत का यह दूसरा पदक है।

दीपक 18वें शॉट तक पदक की दौड़ में नहीं थे, लेकिन इसके बाद उन्होंने 10.9 का परफेक्ट स्कोर करके 247.7 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया। कांस्य पदक चीनी ताइपै के लू शाओचुआन को मिला, जिन्होंने 226.8 का स्कोर किया। मिश्रित टीम स्पर्धा में अपूर्वी चंदेला के साथ रविवार को कांस्य जीतने वाले रवि कुमार पदक से चूक गए वह 20वें शॉट के बाद बाहर हो गए। उनका स्कोर 205.2 रहा।

यह भी पढ़ें- CWG 2018: संजीता चानू ने भारत को दिलाया दूसरा गोल्‍ड, दीपक ने भी रजत पदक जीता

दिल्ली के दीपक के लिए यह बड़ी स्पर्धा में पहला व्यक्तिगत पदक है। उन्होंने इस साल मेहुली घोष के साथ विश्‍व कप मिश्रित टीम स्पर्धा में पदक जीता था। दीपक और रवि इससे पहले 60 शॉट के क्वालिफिकेशन दौर में चौथे और पांचवें स्थान पर रहे थे।

शीर्ष आठ निशानेबाजों ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। दीपक ने फाइनल में 10.9 स्कोर करके रवि को पछाड़ा। मीडिया से बात करते हुए दीपक ने कहा कि फाइनल में जब वह पिछड़ रहे थे, तब उन्होंने अपने कोच मनोज कुमार की बात याद की। ‘मैं क्वालिफिकेशन में भी पीछे था।

मैंने उनके शब्दों को याद किया। वह कहते हैं कि आपको अपनी ताकत और सीमाएं पता हैं। शुरुआत अच्छी नहीं थी और बीच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका, लेकिन मुझे संयम बनाए रखना था। बता दें कि दीपक पिछले साल ही भारतीय टीम में आए, जबकि 2004 से निशानेबाजी कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- CWG 2018: आखिरी सात सेकेंड में पलटी बाजी, भारत-पाकिस्तान का हॉकी मैच हुआ ड्रॉ