राफेल डील: योगी ने कहा, कुछ लोग भ्रम का माहौल बनाकर देश में लाना चाहते हैं अस्थिरता

भ्रम का माहौल
बैठक को संबोधित करते योगी।

आरयू ब्‍यूरो,

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में एक बार फिर से स्वर्णयुग की शुरूआत हुई। उनके नेतृत्व में दुनिया की तीन प्रगतिशील अर्थव्यवस्था वाले देशों में भारत का नाम शामिल होना गौरव की बात है राफेल डील पर मचे बवंडर पर उन्‍होंने कहा कि कुछ लोग भ्रम का माहौल बनाकर देश में अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे है। योगी आज विश्‍वेश्‍वरैया सभागार में आयोजित सामाजिक प्रतिनिधि बैठक में मौर्य, कुशवाहा, शाक्य व सैनी समाज के प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे।

भ्रम का माहौल

मुख्यमंत्री ने चीन के बारे में बात करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार डोकलाम के मुद्दे पर चीन को करारा जबाव दिया गया। देश की सीमाएं सुरक्षित हुई, नक्सलवाद, माओवाद, और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्यवाई हुई। लोककल्याण की दिशा में मोदी सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण कदम उठाये गये।

वहीं विरोधियों पर हमला बोलते हुए सीएम ने कहा कि पिछली सपा-बसपा व कांग्रेस की सरकारों में गरीबी राजनीतिक मुद्दा तो थी, लेकिन गरीबी को हटाने के लिए इन सरकारों के पास कोई ऐजेण्डा नहीं था।

मायावती-अखिलेश को मजबूत नहीं, चाहिए मजबूर प्रधानमंत्री

इस दौरान उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने विरोधी दलों पर जमकर हमला बोला उन्‍होंने कहा कि मायावती और अखिलेश यादव को देश में मजबूत नहीं मजबूर प्रधानमंत्री चाहिए इसीलिए सपा-बसपा जैसे दल कांग्रेस के साथ गलबहियां कर नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए कुचक्र रच रहे है। जबकि आज कांग्रेस सिमट गई है, सपा-बसपा का अता-पता नहीं है। वोट बेचकर नोट इक्ठ्ठा करने वाली मायावती दलितों का भला नहीं कर सकती और न ही जाति धर्म के आधार पर सत्ता का राजनीतिक करण करने वाली समाजवादी पार्टी गरीबों का कल्याण कर सकती है। लगभग डेढ़ दशक के सपा-बसपा के कार्यकाल में पूरे प्रदेश के प्रशासनिक सिस्टम की हालत खराब हो गई। सपा-बसपा के राज्य में भ्रष्टाचारियों, अपराधियों और गुण्डों का राज चल रहा था। इस मौके पर डिप्‍टी सीएम ने मोदी और योगी सरकार की उपलब्‍धियों को भी गिनाया।

भाजपा ने बढ़ाया पिछड़ों का सम्‍मान: स्‍वामी प्रसाद मौर्या

वहीं कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि जब कांग्रेस पिछड़े वर्गो की पहचान को नकार देती है, पिछड़ों की दुहाई देने वाली सपा भी आपके अस्तित्व को नकार देती है और बसपा की लोकतंत्र की नीलामी पर आपको खरिज कर देती है तो ऐसी परिस्थिति में भाजपा को धन्यवाद देना चाहिए जिसमें पिछड़ों का सम्मान बढ़ा है। बाबा साहब कहते थे कि संविधान सही अर्थो में तब ही लागू होगा जब लोकतंत्र के सर्वोच्च पदों पर समाज के अन्तिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति उस पर आसीन होगा और बाबा साहब के कथन को भाजपा सही अर्थो में क्रियान्वित करने का काम कर रही है।

यह भी पढ़ें- राफेल डील पर जेटली का दावा नहीं हुई कोई गड़बड़ी, डील भी नहीं होगी कैंसिल

सामाजिक प्रतिनिधि बैठक को कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चैहान, धरम सिंह सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष जसवंत सैनी, अध्यक्ष समाज कल्याण निर्माण निगम बीएल वर्मा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद राजेश वर्मा, पिछडा वर्ग कल्याण निगम के चेयरमैन बाबू राम निषाद, हरगोविन्द कुशवाहा, सांसद रविन्द्र कुशवाहा, सत्यपाल सैनी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मंत्री अमर पाल मौर्य ने किया।

यह भी पढ़ें- भाजपा का अखिलेश से बड़ा सवाल, पिता और चाचा से हो गया खतरा तो विपक्षी दलों से कैसे कर पाएंगे गठबंधन