लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं को जोड़ने के लिए भाजपा ने बनाई रणनीति, महिला मोर्चा को दिए ये निर्देश

महिला मोर्चा
महिला पदाधिकारियों के साथ बैठक करते महेंद्र पाण्डेय व सुनील बंसल।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। लोकसभा चुनाव भले ही अगले साल होने वाला है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने अभी से ही उसकी तैयारी तेज कर दी है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव में ज्‍यादा से ज्‍यादा वोट हासिल करने के लिए रणनीतियों पर भी काम करना शुरू कर दिया है। सोमवार को बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने पार्टी के राज्य मुख्यालय पर महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक कर इस बारे में जरूरी निर्देश दिए हैं।

भाजपा से जोड़े महिलाएं

प्रदेश अध्यक्ष ने महिला मोर्चा प्रदेश पदाधिकारियों को पहली बैठक में नए दायित्व की बधाई देते हुए संगठनात्मक कार्यो में सक्रिय रूप से भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह करते हुए कहा कि महिला मोर्चा की पदाधिकारी 2019 में होने वाले लोकसभा के चुनावों को ध्यान में रखते हुए बड़ी संख्या में महिलाओं को भाजपा से जोड़ने का काम करें।

यह भी पढ़ें- योगी जी देखिए! आपके निकम्‍मे अफसरों ने स्‍कूल के ही सामने खुलवा दी शराब की दुकान, मासूमों को करना पड़ रहा विरोध

टॉय बैंक बनाने में जुटें पदाधिकारी

उन्होने कहा कि 15 अगस्त से वृक्षारोपण एंव गरीब बस्तियों में बच्चों को खिलौने बंटवाने के लिए टॉय बैंक बनाने के काम में महिला मोर्चा की पदाधिकारी योजनापूर्वक जुट जाएं।

जल्‍द से जल्‍द संगठनात्मक ईकाइयों का हो गठन

वहीं बैठक में मौजूद प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने भी निर्देश देते हुए कहा कि महिला मोर्चा अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर बूथ स्तर तक संगठनात्मक ईकाइयों का गठन करने का काम जल्‍द से जल्‍द पूरा करे।

महिलाओं को बताएं मोदी और योगी सरकार की योजनाएं

उन्‍होंने आगे कहा कि 2019 के लोकसभा के चुनावों में महिलाओं की अहम भूमिका होगी। महिला मोर्चा की प्रत्येक पदाधिकारी का यह दायित्व बनता है कि वह अपने क्षेत्रों में महिलाओं के बीच जाकर मोदी और योगी सरकार द्वारा महिलाओं के हितों में शुरू की गई योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक करें।

बैठक में ये भी रहीं मौजूद

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष व महिला मोर्चा प्रभारी रंजना उपाध्याय, महिला मोर्चा उपाध्यक्ष गिरिजा तिवारी, गोदावरी सिंह, महामंत्री रश्मि रावत, अर्चना मिश्रा, मंत्री डा. कृतिका अग्रवाल कार्यालय मंत्री कल्पना तिवारी व मीडिया प्रभारी सुनीता बंसल उपस्थित रही। वहीं बैठक की अध्यक्षता महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष दर्शना सिंह ने की।

यह भी पढ़ें- अखिलेश पर BJP का हमला, सरकारी बंगले में तोड़-फोड़ से झलकती है कुण्‍ठा