मोदी ने SCAM मतलब बताया समाजवादी, अखिलेश, कांग्रेस और मायावती

modi ne kaha scam

आरयू वेब टीम।

मेरठ में आज प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने विरोधियों पर चौतरफा हमला किया। मोदी ने सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर कहा कि कल जो एक दूसरे को गालियां दे रहे थे आज वे गले मिल रहे हैं। दोनों गले लग कर कह रहे हैं कि ‘बचाओ-बचाओ’।

शताब्दीनगर स्थित माधवकुंज में विजय शंखनाद रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने विरोधियों को एक शब्‍द में परिभाषित करते हुए उन्‍हें स्‍कैम बताया। कहा कि यूपी में बीजेपी की SCAM से लड़ाई है। S से समाजवादी पार्टी, C से कांग्रेस, A से अखिलेश और M से मायावती हैं।

मेरठ पहुंचने की बात पर कहा कि मेरा सौभाग्य है कि चुनाव प्रचार के दौरान मेरठ आने का मौका मिला। मेरठ की धरती से अंग्रेजो की लड़ाई शुरू हुई थी। उस वक्त अंग्रेजों से लड़ाई थी, आज गरीबी के खिलाफ लड़ाई है। आज भूमाफिया, भ्रष्टाचारियों के खिलाफ लड़ाई है।

यह मेरठ पश्चिमी उत्तर प्रदेश का विकास द्वार है। यहीं मेरठ अपने उद्योग-धंधे के लिए राज्य का प्रमुख शहर है लेकिन क्या कारण है निर्दोष व्यापारियों को मार दिया जा रहा है। ये मामला सिर्फ मेरठ का नहीं है।

उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी बहुत है। गुंडा तत्व को आश्रय देने वाले पार्टी को हटाना पड़ेगा। नमो ने कहा कि आपने देखा होगा कि कांग्रेस पार्टी गांव-गांव जाकर यूपी में भाषण दे रही थी। सपा को गालियां दे रहे थे, सपा बेइमान है ये कहते थे कि नहीं।

रातों-रात ऐसा क्या हो गया कि आप उनके गले लग गये। भाइयों-बहनों राजनीति में गठबंधन देखे हैं लेकिन ऐसा गठबंधन पहली बार देखा हैं कि सुबह-शाम गालियां देते थे।

उत्तर प्रदेश के पास हिंदुस्तान का सबसे ताकतवर राज्य बनने का मौका है। यूपी में प्राकृतिक संसाधन, गंगा-यमुना है। राज्य में नौजवान हैं। क्या कारण है कि यूपी के जवानों को रोजी -रोटी कमाने के लिए घर छोड़ना पड़ता है। अपने बूढ़े मां-बाप को छोड़कर शहर की गंदी नालियों के पास रहने को मजबूर होना पड़ता है।

मोदी ने जनता से सवाल उठाते हुए पूछा कि ढाई साल हो गये मोदी के नाम पर कोई कलंक है क्या? देश को नुकसान उठाना पड़े, क्या वैसा कोई काम किया? उत्तर प्रदेश ने जो प्यार दिया, मुझे भी यूपी का कर्ज चुकाना शेष है। ढाई साल में मैंने गरीब, पीड़ितों, दलितों व किसानों के लिए ढेर सारा काम किया।

मैं उत्तर प्रदेश में कितना ही अच्छा करना चाहूं, तो यहां जो रूकावट पैदा करने वाली सरकार है, वो काम होने नहीं देती है। दिल्ली की योजनाओं को यूपी की जनता तक पहुंचाने के लिए वर्तमान राज्य सरकार को हटाना जरूरी है।