नारों से राष्‍ट्र प्रेम का नकली प्रदर्शन कर रही योगी सरकार: अखिलेश

सपा विधान मंडल दल
बैठक में अपनी बात रखते अखिलेश यादव साथ में अन्य।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। भाजपा सरकार को पहले बताना चाहिए कि पहला बजट कहां गया? भाजपा सरकार को किसानों की कर्ज माफी का ब्यौरा देना चाहिए। भाजपा सरकार बताए उसने अब तक जो वादे किए उनकी पूर्ति की दिशा में क्या कदम उठाए गए हैं। कानून-व्यवस्था का गंभीर संकट है। किसानों की फसल बर्बाद हो रही है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। विद्युत आपूर्ति में कटौती चल रही है। एंकाउण्‍टर के नाम पर निर्दोषों की हत्या हो रही है।

यह बातें सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने सपा मुख्‍यालय पर आयोजित सपा विधान मंडल दल की बैठक में कही। योगी सरकार के दूसरा बजट पेश करने से पहले आज अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने के साथ ही अपने विधायकों व वरिष्‍ठ नेताओं के साथ बैठक कर जनहित के मुद्दों पर विधानसभा विधान परिषद में जोरदार ढंग से उठाने का निर्णय लिया।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का हमला, केंद्रीय बजट ने आम लोगों के मुंह पर मारा तमाचा

विधायकों को संबोधित करते हुए समाजवादी विधानमंडल दल के नेता ने आगे कहा कि योगी सरकार का नारों से राष्ट्र प्रेम का प्रदर्शन नकली है, अगर असली राष्ट्र प्रेम है तो विकास करके दिखाए। मूलभूत मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए भाजपा नफरत की राजनीति करती है। जनता को गुमराह करने की साजिशें हो रही है।

शिक्षामित्र, आंगनबाड़ी कार्यकत्री पेरशान

योगी सरकार के वादों की बात करते हुए सपा अध्‍यक्ष बोले भाजपा सरकार सिर्फ थोथे वादे करती है। विकास में उसकी रूचि नहीं है। गोरखपुर में एम्स और 500 बेड के अस्पताल का पता नहीं क्या हुआ है? गोरखपुर से देवरिया और देवरिया से सलेमपुर तक फोर लेन सड़क कहां बन रही है? अपराध नियंत्रण की यूपी डॉयल 100 की व्यवस्था चौपट है। जनता का भरोसा भाजपा से उठ गया है। बेरोजगारी के संकट का कोई समाधान नहीं है। बुनकरों की उपेक्षा हो रही है। शिक्षामित्र, आंगनबाड़ी कार्यकत्री सब पेरशान हैं। समाजवादी पेंशन बंद कर दी गई हैं।

यह भी पढ़ें- बोले अखिलेश प्रदेश की कानून व्‍यवस्‍था बद से बदतर, पुलिस BJP नेताओं को खुश करने में लगी

इस बैठक में विधानसभा में नेता विरोधी दल राम गोविंद चौधरी, विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी व बलराम यादव भी मौजूद थे।