झूठ की खेती करने में माहिर है भाजपा, अखिलेश के बाद राजेंद्र चौधरी ने साधा निशाना

राजेन्द्र चौधरी

आरयू ब्‍यूरो

लखनऊ। सपा के मुखिया अखिलेश यादव के बाद आज सपा के मुख्‍य प्रवक्‍ता राजेंद्र चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्‍होंने योगी सरकार द्वारा किसानों की कर्ज माफी पर सवाल उठाते हुए इसे धोखा बताया है।

भाजपा मंत्रिमंडल की पहली बैठक को निराशाजनक बताते हुए राजेंद्र चौधरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़े-बड़े वादे किए थे। सभाओं में किसानों की कर्ज माफी का वादा किया था, लेकिन उन्होंने जनता से यह बात छुपा ली कि उनके चुनावी घोषणा पत्र में सभी लघु एवं सीमांत किसानों का केवल फसली ऋण माफ किए जाने की बात दर्ज है।

यह भी पढ़े- विधानमंडल दल के नेता बने अखिलेश, कहा झूठों वादों से बनी है भाजपा सरकार

बैठक में केवल एक लाख रूपये तक का ही कर्ज माफी की गई है। इससे यह साबित होता है कि भाजपा सिर्फ झूठ की खेती करने में माहिर है, उसका किसानों की खेती से कोई लेना-देना नही है। किसानों के साथ यह धोखा भाजपा की फितरत है।

यह भी पढ़े- अब अखिलेश ने कहा एक ही जाति के लोगों को क्‍यों किया जा रहा निलंबित

प्रदेश की भाजपा सरकार ने अभी तक अपने वादे को निभाते हुए गन्ना किसानों के लिए, भूमिहीन कृषि मजदूरों के फायदे के लिए एक भी कदम नहीं उठाया है। कृषि का बुनियादी ढ़ांचा खड़ा करने के लिए उनके पास कोई योजना नहीं है। मुख्‍य प्रवक्‍ता ने दावा किया कि भाजपा का काम गरीबों, किसानों तथा वंचितों की भलाई करने की जगह जनता को वरगलाकर राजनीतिक स्वार्थ साधना है।

यह भी पढ़े- मुख्‍यमंत्री को जानना चाहिए सपा सरकार पर नहीं लगा भ्रष्‍टाचार का आरोप: राजेंद्र चौधरी 

लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्‍होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में भी उन्होंने तमाम वादे किए थे, लेकिन करीब तीन साल बीत जाने के बाद भी अभी तक उनको पूरा नहीं किया। जनधन खातों में न तो 15-15 लाख रूपये आए और नहीं नौजवानों को रोजगार मिला।

राजेंद्र चौधरी ने दावा किया कि कश्मीर में स्थिति बिगड़ती गई और पड़ोसी देशों से भी भारत के रिश्ते खराब हुए है। इन सबके बीच विधानसभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं को बहकाने का क्रम जारी रखा। उन्‍होंने सपा मुखिया का जिक्र करते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने ठीक ही कहा है कि भाजपा की सरकार ने किसानों के साथ छल किया है।

यह भी पढ़े- अखिलेश ने दिया इस्‍तीफ, कहा कभी-कभी वोट समझाने नहीं बहकाने से मिलता है

सपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए राजेंद्र चौधरी बोले कि उत्तर प्रदेश में किसानों के प्रति भाजपा केवल जबानी जमा खर्च ही करती आई है, जबकि समाजवादी पार्टी ने ईमानदारी से किसानों के हितों के लिए समर्पित हैं। अखिलेश यादव की सरकार में बजट का 75 प्रतिशत गांव-किसान पर खर्च किया गया। किसानों का 50 हजार तक कर्ज माफी के साथ उनको मुफ्त सिंचाई की सुविधा दी गई। किसानों को दुर्घटना बीमा का लाभ मिला।