बिना चुनाव लड़े आरएसएस प्रमुख चला रहे सरकार: डॉ. मसूद

आरएसएस प्रमुख चला रहे सरकार

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर लगातार झूठ बोलकर देश और प्रदेश की जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मसूद अहमद ने कहा कि देश के किसानों को लगातार केन्द्र सरकार लॉलीपाप दिखाती चली आ रही है और किसान की आय दोगुनी करने का सपना दिखा रही है।

उन्‍होंने कहा कि उत्‍तर प्रदेश का किसान कर्जमाफी के नाम पर मोदी और योगी द्वारा ठगा गया है, जिसकी चोट कई वर्षो तक भुलायी नहीं जा सकती है। देश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को वोट देकर केन्द्र में बहुमत की सरकार बनवायी और विभिन्न प्रकार की आशाएं पूरी होने की कामना और विश्‍वास जनता ने कर लिया।

यह भी पढ़ें- गांव तो दूर राजधानी में भी बिजली नहीं दे पा रही योगी सरकार, स्‍वास्‍थ्‍य विभाग भी कर रहा मनमानी: रालोद

प्रदेश अध्यक्ष ने हमला जारी रखते हुए कहा कि विशेष बात यह है कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने न तो चुनाव लड़ा और न ही वो सरकार में शामिल है परन्तु केन्द्र सरकार मोहन भागवत जी चला रहे हैं और उन्हीं के इशारे पर सभी कार्य सम्पादित हो रहे हैं, जबकि जनता के प्रति जवाबदेही भारतीय जनता पार्टी और नरेंद्र मोदी की है। उन्‍होंने कहा कि इसी प्रकार प्रदेश की सरकार सुनील बंसल जी चला रहे हैं, जबकि जनता के प्रति जवाबदेही और जनहित के फैसले लेने का अधिकार केवल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को है।

रालोद के प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं पर खर्च होने वाली धनराशि की एक निश्चित मात्रा निकल कर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यालय चली जाती है यही कारण है कि जनहित गौढ हो जाता है और आरएसएस का आदेश मुख्य बना रहता है।

यह भी पढ़ें- सीएम हेल्‍पलाइन में शोषण पर रालोद ने पूछा क्‍या यही है योगी सरकार का महिला सशक्तिकरण