जानें गुजरात और हिमाचल प्रदेश की जीत पर जश्‍न मना क्‍या बोले महेंद्र पाण्‍डेय

बीजेपी का जश्न
राजधानी स्थित बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय पर जीत का जश्न मनाते भाजपाई।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। भाजपा के लिए प्रतिष्‍ठा बने गुजरात विधानसभा चुनाव के साथ ही हिमाचल प्रदेश में भगवा लहराने के बाद आज सूबे की राजधानी स्थित प्रदेश मुख्‍यालय पर भाजपा के लोगों ने जमकर जश्‍न मनाया। पटाखें फोड़ने के साथ ही एक दूसरे को मिठाई खिलाकर भाजपा ने पूरे जोश के साथ ही अपनी जीत की खुशी जाहिर की।

जश्‍न मनाने बीजेपी मुख्‍यालय पहुंचे डॉ. महेंद्र नाथ पाण्‍डेय के साथ ही डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने गुजरात व हिमाचल की जीत पर दोनों प्रदेशों की जनता को बधाई दी है।

बीजेपी का जश्न
जश्न मनाते भाजपा के नेता व कार्यकर्ता।

प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि हार्दिक अभिनन्दन हमारे लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का है। जिनके ऊर्जावान नेतृत्व में बीजेपी ने सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

यह भी पढ़ें- गुजरात-हिमाचल जीत पर बोले योगी 2019 नहीं 2024 की तैयारी करे कांग्रेस

महेंद्र पाण्डेय ने गुजरात की जीत को विकासवाद की जीत बताते हुए कहा कि गुजरात की जनता ने जातिवाद की कुत्सित राजनीत को नकारते हुए सुशासन को चुना है। उन्‍होंने कहा गुजरात में बीजेपी को न केवल जीत मिली है, बल्कि 2012 के मुकाबले वर्तमान चुनाव में जनता ने 1.25 प्रतिशत वोट प्रतिशत में बढ़त देकर भाजपा को और मजबूती प्रदान करने का काम किया है।

अखिलेश सरकार को निशाने पर लेते हुए प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि जिस तरह से यूपी की जनता ने जातिवाद, सम्प्रदायवाद, तुष्टीकरण व वंशवाद को नकार कर सुशासन को बल दिया ठीक उसी तरह गुजरात की जनता ने जाति-पांति के सभी गुणा-गणित को नकार दिया है।

बीजेपी का जश्न
महेंद्र नाथ पाण्डेय को मिठाई खिलाते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या।

इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, डा0 राकेश त्रिवेदी, बाबूराम निषाद, प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, विजय बहादुर पाठक, सलिल विश्नोई, प्रदेश मंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री मोहसिन रजा, राज्‍य मंत्री सुरेश पासी, प्रदेश मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष हरद्वार दुबे, प्रदेश आईटी सेल प्रभारी संजय राय, प्रदेश मीडिया प्रभारी हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव, प्रदेश प्रवक्‍ता मनीष शुक्ला, शलभ मणि त्रिपाठी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे, प्रदेश मीडिया सम्पर्क प्रमुख मनीष दीक्षित, प्रदेश मीडिया सह सम्पर्क प्रमुख नवीन श्रीवास्तव, डॉ. तरूणकांत त्रिपाठी, प्रदेश सह मुख्यालय प्रभारी चौधरी लक्ष्मण सिंह, अतुल अवस्थी, अनुसूचित मोर्चा राष्ट्रीय मंत्री रामचन्द्र कनौजिया, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, विधायक राम कुमार वर्मा, विधायक राजीव तरारा, पूर्व विधायक सुरेश तिवारी, लखनऊ महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा समेत सैकड़ों नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।