…जब तीन शेर बने लड़की के रक्षक

Lions and Girl

आरयू वेब टीम।

अफ़्रीकी राष्ट्र इथियोपिया में लड़कियों की उनकी मर्जी के खिलाफ जबरन शादी करने का चलन है। यहां तक की शादी के लिए लड़कियों का अपहरण तक किया जाता है। इथो‍योपिया में गांवों की 71 प्रतिशत आबादी है। संयुक्‍त राष्‍ट्र के अनुसार यहां 70 प्रतिशत से ज्‍यादा लड़कियों की शादी मार-पीट कर बंदी बनाकर कराई जाती है।

ऐसा ही एक मामला एडिस अबाबा से 350 मील दूर एक 12 साल की लड़की का सामने आया, जिसको जानकर सभी हैरान हो गए। यह लड़की पिछले 1 हफ़्ते से उन सात लोगों के चंगुल में थी जो उसे जबरन शादी के लिए अगवा करके ले गए थे।

इन दबंगों के खिलाफ जब इंसानियत हार गई तो जानवर ने इन लोगों के मंसूबों को नाकाम कर दिया। लड़की को बचाने के लिए तीन शेरों ने रास्‍ता रोक लिया। शेर तब तक लडकी के साथ रहे जब तक उन्‍हें इस बात का यकीन नहीं हो गया कि लड़की सुरक्षित है।

इस बात की पुष्टि की वहां के सार्जेंट ने की। उन्होंने बताया, ‘जब तक ये लड़की हमें और उसके रिश्तेदारों को मिली, उससे पहले तकरीबन आधे दिन तक शेरों ने उसकी रखवाली की। जब उन्‍हें लगा कि लड़की पूरी तरह सुरक्षित है तो उसे वहीं छोड़ जंगल में चले गए।

अगर ये उसके साथ न होते तो, उसके साथ बहुत बुरा हो सकता था। कहा जा रहा है कि इस बच्ची को सबसे पहले उन लोगों ने काफी मारा-पीटा था, लेकिन वो किसी तरह वहां से भाग निकलने में कामयाब हो गई। जिसे दोबारा पकड़ने के लिए दरिंदे लड़की का पीछा कर रहे थे। तभी सामने अाए शेरों ने लड़की की हिफाजत की। इंसानों के दुश्‍मन माने जाने वाले शेरों की इस अनोखी दरियादिली की चर्चा अब दुनिया भर में हो रही है।