अयोध्या के बाद बद्रीनाथ भी हारी भाजपा, कांग्रेस नेता ने लहराया परचम, राज्यों के उपचुनाव की 13 में से 10 विधानसभा सीटों पर जीता INDIA, दो पर सिमटी BJP

बद्रीनाथ में हारी भाजपा

आरयू वेब टीम। लोकसभा चुनाव में अयोध्‍या हारने के बाद भाजपा को आज एक और बड़ा झटका लगा है। बीजेपी अब बद्रीनाथ में भी हार चुकी है। मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार समेत सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की काउंटिंग शनिवार को हुई। 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में इंडिया गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया है। 13 में 10 सीटों पर इंडिया गठबंधन ने जीत दर्ज की है, जबकि दो सीट (हिमाचल की हमीरपुर और मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा) भाजपा के खाते में गई है। वहीं, बिहार की रुपौली सीट पर आरजेडी की बीमा भारती को करारी हार मिली है।

इंडिया गठबंधन में जहां कांग्रेस ने चार सीटों पर जीत का परचम फहराया है, वहीं तृणमूल कांग्रेस ने पंश्चिम बंगाल की सभी चार विधानसभा सीटें, जबकि डीएमके और आम आदमी पार्टी ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की है। इसके अलावा एक सीट पर निर्दलीय उम्‍मीदवार को जीत मिली है। इस उपचुनाव में भाजपा मात्र दो सीटों पर सिमट कर रह गयी है।

यह भी पढ़ें- बोले राहुल, इंडिया गठबंधन ने भाजपा के साथ संस्थान व एजेंसियों के खिलाफ भी लड़ा ये चुनाव, सरकार बनाने के सवाल पर भी दिया जवाब

पंजाब की एकमात्र विधानसभा सीट जालंधर पश्चिम उपचुनाव में आप उम्मीदवार मोहिंदर भगत ने जीत दर्ज कर ली है। हिमाचल प्रदेश की तीन सीटों में से कांग्रेस को दो सीटों पर जीत हासिल हुई है, जबकि एक सीट भाजपा के खाते में गई है, जबकि  कांग्रेस ने देहरा और नालागढ़ सीट पर जीत दर्ज की है। देहरा सीट से सीएम सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने चुनाव जीता है। वहीं, नालागढ़ से हरदीप सिंह बावा ने भाजपा के केएल ठाकुर को 8990 वोट से हराया। हमीरपुर से आशीष वर्मा ने जीत दर्ज की।

यह भी पढ़ें- शिवपाल ने कहा, विधानसभा उपचुनाव में इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर लड़ेगी सपा

उत्तराखंड की बद्रीनाथ विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार लखपत सिंह बुटोला को जीत मिली है। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार राजेंद्र भंडारी को 5224 वोटों के अंतर से हराया है। मार्च में कांग्रेस विधायक राजेंद्र भंडारी के इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थामा, जिसके बाद ये सीट खाली हो गई। इसके बाद यहां उपचुनाव करवाए गए और भंडारी को बीजेपी ने टिकट दिया था।

उपचुनाव के नतीजों पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, ‘उपचुनाव के नतीजे आपके सामने हैं। 13 सीटों पर हुए ये उपचुनाव बहुत महत्वपूर्ण हैं। डेढ़ महीने में दूसरी बार देश की जनता ने भाजपा को कड़ा संदेश दिया है। लोकसभा चुनाव में संदेश बहुत साफ था, उत्तराखंड में हमने अपनी दोनों सीटें बद्रीनाथ और मैंगलोर जीतीं। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने 3 में से 2 सीटें जीतीं। अगर कुल 13 सीटों का आकलन करें तो भाजपा को सिर्फ 2 सीटें मिलीं।’