आरयू ब्यूरो, लखनऊ। योगी सरकार ने साल 2025 के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए 27 दिसंबर को गुरु गोविंद सिंह जयंती के उपलक्ष्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। मंगलवार को जारी इस आधिकारिक शासनादेश के बाद प्रदेशभर के सरकारी कार्यालय, निगम, परिषद, स्थानीय निकाय, अधीनस्थ कार्यालय, साथ ही शिक्षण संस्थान उस दिन पूर्णतः बंद रहेंगे। यह निर्णय गुरु गोविंद सिंह जी की जयंती को श्रद्धा, सम्मान और व्यापक सामाजिक सहभागिता के साथ मनाने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
गुरु गोविंद सिंह जी सिख समुदाय के दसवें और अंतिम गुरु थे, जिनका जीवन साहस, त्याग, आध्यात्मिकता और धार्मिक स्वतंत्रता के संरक्षण का प्रतीक है। उत्तर प्रदेश में उनकी जयंती पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या गुरुद्वारों और धार्मिक स्थलों पर जुटती है। ऐसे में योगी सरकार का ये फैसला श्रद्धालुओं को बेहतर रूप से आयोजन करने की सुविधा प्रदान करेगा।
यह भी पढ़ें- वक्फ बोर्ड पर सीएम योगी ने कहा, सार्वजनिक व ऐतिहासिक स्थलों पर मनमाने दावों को नहीं किया जाएगा बर्दाश्त
मंगलवार को अपर मुख्य सचिव द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया कि यह अवकाश श्रेणी “सार्वजनिक छुट्टी” में शामिल होगा, जिसका पालन सभी सरकारी विभाग, आयोग, निगम, परिषद, राज्य सरकार के अधीन सभी कार्यालय, राज्य संचालित सभी शैक्षणिक संस्थान द्वारा समान रूप से किया जाएगा। शासनादेश के जारी होते ही सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि वे 27 दिसंबर की तिथि पर निर्धारित किसी भी सरकारी कार्यक्रम, बैठक या जनसुनवाई को पुनः शेड्यूल कर लें।












