आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में तेज पछुआ हवाओं और कोहरे के बाद एक बार फिर मौसम अपने तेवर बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक नौ फरवरी से हवाएं कमजोर पड़ेंगी, जिससे अगले दो से तीन दिनों में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। दिन में गर्माहट महसूस होने लगेगी।
वहीं कुछ स्थानों पय सुबह के समय हल्का कोहरा बना रह सकता है, लेकिन व्यापक और घना कोहरा अब धीरे-धीरे सिमटता नजर आएगा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय मौसम तंत्र (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस या निम्न दाब क्षेत्र) प्रभावी नहीं है, जिससे मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार अगले 48 से 72 घंटों में तापमान में क्रमिक वृद्धि दर्ज की जाएगी।
यह बदलाव अचानक नहीं बल्कि धीरे-धीरे महसूस होगा। फिलहाल शीतलहर जैसी स्थिति की संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के ऊपर फिलहाल कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ या चक्रवाती परिसंचरण तंत्र मौजूद नहीं है। जब ऐसा कोई सिस्टम सक्रिय नहीं होता, तब आसमान साफ रहता है और मौसम शुष्क हो जाता है। तेज हवाओं के कारण जो ठंडी हवा का प्रवाह बना हुआ था, वह कमजोर पड़ रहा है। जैसे-जैसे हवाओं की रफ्तार घटेगी, सतह का तापमान संतुलित होने लगेगा और ठंड की तीव्रता में कमी आएगी।
यह भी पढ़े- दो दिन की राहत के बाद फिर पलटेगा यूपी का मौसम
अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। आसमान मुख्यतः साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन के समय धूप निकलने से तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। हालांकि सुबह और रात में हल्की ठंड बनी रह सकती है, इसलिए पूरी तरह गर्मी का अहसास अभी नहीं होगा।




















