आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार के तौर पर काम कर रहे पूर्व आइएएस अवनीश अवस्थी का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया गया। वह अब 28 फरवरी 2026 तक मुख्यमंत्री के सलाहकार के तौर पर अपनी सेवाएं देते रहेंगे।
इस संबंध में उत्तर प्रदेश के नियुक्ति विभाग ने आदेश जारी किया है। दरअसल अवनीश अवस्थी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबसे भरोसेमन्द अफसर के तौर पर जाने जाते हैं। नियुक्ति विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक 28 फरवरी 2026 तक के लिए उनका सेवा कार्य बढ़ाया गया है।
अवनीश अवस्थी उत्तर प्रदेश कैडर के 1987 बैच के सेवानिवृत आईएएस अधिकारी हैं। अवनीश की गिनती योगी सरकार के सफल अधिकारियों के रूप में होती है। वह तेज-तर्रार अधिकारी माने जाते हैं। अवनीश अवस्थी 31 अगस्त 2022 को सेवानिवृत हुए थे। पहला कार्यकाल समाप्त होने के बाद एक मार्च 2023 से 29 फरवरी 2024 तक फिर बढ़ा दिया गया था।
यह भी पढ़ें- CM योगी के सलाहकार अवनीश अवस्थी का कार्यकाल एक वर्ष और बढ़ा
इसके बाद दूसरी बार उनका कार्यकाल एक मार्च 2024 से लेकर 28 फरवरी 2025 तक बढ़ा दिया गया था। आज फिर यानी तीसरी बार उनका कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ाया गया है। योगी सरकार में वो गृह और सूचना विभाग की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। साथ ही उन्हें एनर्जी डिपार्टमेंट की भी जिम्मेदारी मिली थी।