CM योगी के चार्टर्ड प्लेन में आई खराबी, करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिग

इमरजेंसी लैंडिंग
इमरजेंसी लैंडिंग करता सीएम का चार्टर प्लेन।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चार्टर्ड प्लेन की बुधवार को आगरा में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। तकनीकी खराबी के कारण सीएम का प्लेन उड़ान भरने के बाद वापस लौट आया। इसके बाद दिल्ली से दूसरा प्लेन भेजा गया और फिर सीएम योगी उससे रवाना हुए।

मिली जानकारी के मुताबिक सीएम योगी का आगरा में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उनके विमान ने बुधवार को दोपहर 3:40 बजे उड़ान भरी, लेकिन आगरा में टेकऑफ के बाद सीएम योगी के चार्टर्ड प्लेन में तकनीकी खराबी आ गई। उस समय सीएम का विमान आसमान में था। पायलट ने सूझबूझ का प्रदर्शन करते हुए विमान की इमरजेंसी लैंडिंग खेरिया एयरपोर्ट पर कराई।

जिसके बाद दिल्ली से शाम 5:42 बजे दूसरा चार्टर प्लेन आगरा एयरपोर्ट पर पहुंचा। इस दौरान सीएम एयरपोर्ट लाउंज में इंतजार करते रहे, जहां पुलिस आयुक्त (सीपी) और जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।

यह भी पढ़ें- अमेठी में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट की खेत में इमरजेंसी लैंडिंग से मचा हड़कंप, बड़ा हादसा टला

एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि तकनीकी खराबी की वजह से प्लेन की ब्रेकिंग सिस्टम में समस्या आई। अब ये जांच की जा रही है कि ये खराबी कैसे आई और इसके कारण विमान में सुरक्षा संबंधी खतरा उत्पन्न हुआ। विमान के इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी जरूरी जांच-पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें- रनवे खाली न होने पर चक्कर लगाता रहा विमान, तेल खत्म की आशंका पर कराई गई इमरजेंसी लैडिंग