आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लगातार हो रही बारिश से लखनऊ की रफ्तार आज थम सी गई है। शनिवार सुबह से हो रही रुक रुककर बारिश से जगह-जगह जलजमाव देखने को मिला। तेज बारिश के बाद पुराने लखनऊ के साथ ही गोमती नगर इलाके के हालत सबसे ज्यादा खराब रही, जबकि राजधानी में कई जगह हादसे भी हुए। लखनऊ के इंदिरानगर के कुकरैल नाले में दो किशोर कूड़ा निकालते समय बह गए। ऐशबाग में एक कार खुले नाले में लटक गई वहीं रकाबगंज में एक बच्चा साइकिल सहित नाले में गिर गया, जिसे राहगीरों ने किसी तरह बचाया।
वहीं डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के सामने लोहिया पथ पर लगभग एक किलोमीटर से अधिक दूरी तक सड़क पूरी तरह से जलमग्न हो गई। पानी घुटनों से ऊपर भरा रहा। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई वाहन बीच सड़क में ही बंद हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये समस्या नियमित सफाई न होने और नालियों पर अतिक्रमण के चलते होती है।
मिली जानकारी के मुताबिक इंदिरानगर के कुकरैल नाले में तेज बारिश के बाद दो लड़कों के बह जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों किशोर बारिश के बाद नाले में कूड़ा निकलने गये थे। दोनों अचानक तेज बहाव में बह गए। परिजनों की तहरीर के बाद गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
यह भी पढ़ें- तेवर बदल रहा यूपी का मौसम, इन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
नगर आयुक्त गौरव कुमार भी नगर निगम की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लेकर कहा कि नगर निगम की लापरवाही के कोई तथ्य सामने नहीं आए हैं। गौरव कुमार ने आगे कहा कि कुकरैल नाला काफी बड़ा है। दो लड़कों के बहने की सूचना मिली थी। इसमें से एक लड़का निकाल कर भाग गया। वहीं दूसरा बह गया। गोताखोरों की टीम लगाई गई है। जल निगम की टीम भी मौजूद है। नगर निगम की टीम भी लगा दी गई है। यह दोनों लड़के कूड़ा बीनने वाले थे। एक लड़का लापता है, जिसकी तलाश की जा रही है।
इसके अलावा ऐशबाग क्षेत्र में खुले नाले के किनारे से गुजर रही एक कार का अचानक संतुलन बिगड़ने से नाले में लटक गई। इसमें किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जबकि रकाबगंज इलाके में एक बच्चा साइकिल चलाते वक्त खुले नाले में गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे सकुशल बाहर निकाल लिया।




















