UP के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल ने दोबारा संभाला कार्यभार

शशि प्रकाश गोयल
शशि प्रकाश गोयल। (फाइल फोटो)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल ने करीब सवा महीने की छुट्टी के बाद नवरात्र के पहले दिन कार्यभार संभाल लिया है। आज वे अपने कार्यालय में बैठे। स्वास्थ्य कारणों के चलते वह छुट्टी पर चल रहे थे। सीएम योगी आदित्‍यनाथ के भरोसेमंद अफसरों में शुमार एसपी गोयल के छुट्टी पर जाने के बाद उनके सारे पद कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार को सौंप दिए गए थे। एक महीने छह दिन बाद स्वस्थ होने के पश्चात पुनः अपने पद का कार्यभार संभाल लिया है।

मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल ने मीडिया को बताया कि अभी नियमित रूप से काम करेंगे और मुख्यमंत्री योगी और सरकार की प्राथमिकताओं वाली योजनाओं पर पूरी गंभीरता से काम होगा। शशि प्रकाश गोयल की अनुपस्थिति में कार्यवाहक मुख्य सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे आइएएस दीपक कुमार अब अपने मूल पदों प्रमुख सचिव वित्त, अपर मुख्य सचिव (एसीएस) वित्त, सीईओ यूपीईआईडीए और औद्योगिक विकास आयुक्त पर ध्यान केंद्रित करेंगे। हाल ही में हुए प्रशासनिक तबादलों के अनुसार, शशि प्रकाश गोयल को केवल मुख्य सचिव का दायित्व सौंपा गया है और उन्हें किसी भी विभाग का अतिरिक्त प्रभार नहीं दिया गया है।

यह भी पढ़ें- शशि प्रकाश गोयल ने संभाली यूपी के मुख्य सचिव की कमान, सीएम योगी का जताया आभार

लोकभवन में मुख्य सचिव के कार्यभार ग्रहण करने के बाद कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा और आगामी योजनाओं पर चर्चा शुरू हो गई है। गोयल की वापसी से प्रशासनिक कार्यों में गति आने की उम्मीद है, विशेषकर उन परियोजनाओं में जो उनके नेतृत्व में पहले से प्रगति पर थीं।

UP में तीन कमिश्‍नर समेत 13 IAS अफसरों का तबादला, विजय विश्‍वास पंत बनें मंडलायुक्त लखनऊ