आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से 15 व 16 अक्टूबर 2025 को निर्धारित प्रवक्ता (पीजीटी) की लिखित परीक्षा एक बार फिर स्थगित कर दी गई है। आयोग ने प्रेस नोट जारी कर ये जानकारी दी। जिसमें बताया कि निर्धारित लिखित परीक्षा को आयोग के उप सचिव ने अपरिहार्य कारणों से स्थगित करने की नोटिस जारी किया है, हालांकि परीक्षा कब होगी अभी कोई घोषणा नहीं की है।
आयोग की अध्यक्ष रहीं कीर्ति पांडेय के 22 सितंबर 2025 को इस्तीफा देने के बाद परीक्षा समय पर कराए जाने को लेकर के तमाम तरह की अटकलें लग रही थीं। अभ्यर्थी इस ऊहापोह में थे कि 15 और 16 अक्टूबर 2025 को निर्धारित की गई परीक्षा हो पाएगी या नहीं। वहीं प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के अध्यक्ष अवनीश पांडेय का कहना है कि टीजीटी-पीजीटी भर्ती परीक्षा को लेकर शिक्षा सेवा चयन आयोग की कार्यप्रणाली लगातार सवालों के घेरे में रही है।
पीजीटी परीक्षा पहले भी तीन बार और टीजीटी परीक्षा दो बार स्थगित की जा चुकी है। अगली बार भी यह दोनों परीक्षाएं निर्धारित समय पर कराई जा सकेंगी या नहीं, इस पर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। अब जबकि आयोग ने चौथी बार पीजीटी परीक्षा स्थगित कर दी है प्रतियोगी छात्रों में घोर निराशा है। अभी कार्यवाहक अध्यक्ष आयोग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। नए अध्यक्ष के लिए विज्ञापन जारी किया गया है। 21 अक्टूबर 2025 तक आवेदन की अंतिम तिथि है।
यह भी पढ़ें- अब मोबाइल पर मिलेगी PET परीक्षा की हर जानकारी, UPSSSC ने लॉन्च किया App
गौरतलब है कि पीजीटी और टीजीटी की भर्ती प्रक्रिया नौ जून 2022 को शुरू की गई थी। इसके तहत 3539 टीजीटी और 624 पीजीटी पदों पर भर्ती होनी थी। आवेदन की अंतिम तिथि पहले नौ जुलाई 2022 थी, जिसे एक सप्ताह बढ़ाकर 16 जुलाई 2022 तक किया गया था, हालांकि तीन साल से अधिक समय बीतने के बावजूद अब तक दोनों परीक्षाएं आयोजित नहीं हो सकी हैं। पीजीटी परीक्षा के लिए 4.50 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया है, जबकि टीजीटी परीक्षा के लिए 8.69 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। ये सभी तीन साल से परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं।
