आरयू वेब टीम। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश भूषण आर. गवई ने सोमवार को केंद्र सरकार को सीनियर जज जस्टिस सूर्यकांत का नाम अपने उत्तराधिकारी के रूप में भेजा है। जस्टिस सूर्यकांत का नाम अब मंजूरी के लिए कानून मंत्रालय के पास गया है। इसके साथ ही देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
दरअसल मौजूदा चीफ जस्टिस तभी अपने उत्तराधिकारी का नाम भेजते हैं, जब कानून मंत्रालय उनसे ऐसा करने के लिए कहता है। मौजूदा सीजेआइ गवई का कार्यकाल 23 नवंबर को खत्म होगा। इसके बाद जस्टिस सूर्यकांत 24 नवंबर को देश के नए चीफ जस्टिस के रूप में शपथ लेंगे। जस्टिस सूर्यकांत का कार्यकाल लगभग 14 महीने का होगा और वे नौ फरवरी 2027 को रिटायर होंगे। सुप्रीम कोर्ट के जजों की रिटायरमेंट की उम्र 65 साल तय है।
यह भी पढ़ें- जूता फेंकने की शर्मनाक घटना पर CJI BR गवई ने कहा, स्तब्ध हूं पर भुला दिया
बात करें जस्टिस सूर्यकांत की तो उनका का जन्म दस फरवरी 1962 को हरियाणा के हिसार में हुआ था। वे 24 मई 2019 को सुप्रीम कोर्ट के जज बने। अब वे 24 नवंबर 2025 को देश के अगले मुख्य न्यायाधीश बनेंगे और लगभग 15 महीने तक इस पद पर रहेंगे। उनका कार्यकाल नौ फरवरी 2027 तक रहेगा। अपने लंबे न्यायिक करियर में जस्टिस सूर्यकांत ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, लोकतंत्र, भ्रष्टाचार, पर्यावरण, महिलाओं के अधिकार और अनुच्छेद 370 जैसे कई अहम मुद्दों पर ऐतिहासिक फैसले दिए हैं।
 
 



















