असम में PM मोदी ने रखी काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर की आधारशिला, “डिब्रूगढ़-गोमतीनगर ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, कांग्रेस पर भी बोला हमला”

पीएम मोदी
कार्यक्रम को संबोधित करते पीएम मोदी।

आरयू वेब टीम। नॉर्थ ईस्ट की सबसे बड़ी पीड़ा हमेशा दूरी की रही है। दूरी दिलों की, दूरी स्थानों की, दशकों तक यहां के लोगों को ये महसूस होता रहा कि देश का विकास कहीं और हो रहा है और वे पीछे छूट रहे हैं। इसका असर केवल अर्थव्यवस्था पर नहीं पड़ा बल्कि भरोसे पर भी पड़ा। उक्त बातें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कार्यक्रम को संबोधित कर कही।

मोदी ने कहा कि रोडवेज, रेलवे, एयरवेज और वाटरवेज के माध्यम से असम को जोड़ने का काम एक साथ शुरू हुआ, लेकिन कांग्रेस ने कभी इसकी परवाह नहीं की। जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तो असम को बहुत कम रेल बजट मिलता था लगभग 2000 करोड़ रुपये। अब भाजपा सरकार ने इसे बढ़ाकर लगभग 10,000 करोड़ रुपये सालाना कर दिया गया है।

इस दौरान पीएम ने असम के नगांव जिले में 6,957 करोड़ रुपये की काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना की आधारशिला व दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखाई। असम की अपनी दो दिवसीय यात्रा के अंतिम चरण में गुवाहाटी से यहां पहुंचे पीएम मोदी ने काजीरंगा परियोजना के ‘भूमि पूजन’ में हिस्सा लिया। साथ ही काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर के एक मॉडल का भी निरीक्षण दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों डिब्रूगढ़-गोमती नगर (लखनऊ) और कामाख्या-रोहतक को भी डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखाई।

इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को देश लगातार नकार रहा है, जिस मुंबई शहर में कांग्रेस का जन्म हुआ था वहां वो आज चौथे या पांचवें नंबर की पार्टी बन गई है। साथ ही कहा कि दो वर्ष पहले काजीरंगा में बिताए गए पल मेरे जीवन के बहुत खास अनुभवों में शामिल हैं। मुझे काजीरंगा नेशनल पार्क में रात्रि विश्राम करने का अवसर मिला था और अगली सुबह एलिफेंट सफारी के दौरान मैंने इस क्षेत्र की सुंदरता को बहुत करीबी से महसूस किया। मुझे हमेशा असम आकर एक अलग ही खुशी मिलती है। ये धरती वीरों की धरती है, हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने वाले बेटे-बेटियों की धरती है।

यह भी पढ़ें- राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन कर बोले प्रधानमंत्री मोदी, प्रतिमाएं जितनी ऊंची, इनसे मिलनी वाली प्रेरणाएं उससे भी बुलंद

साथ ही पर्यटकों की बात करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले कुछ सालों में काजीरंगा में पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। होम स्टे, गाइड सेवाएं, परिवहन, हस्त शिल्प और छोटे व्यवसायों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को आय के नए साधन मिले हैं। आज मैं असम के आप लोगों की, यहां की सरकार की एक और बात के लिए खासतौर पर तारीफ करूंगा। एक समय था जब काजीरंगा में राइनो के शिकार की घटनाएं असम की सबसे बड़ी चिंता बन चुकी थी। 2013-14 में एक सींग वाले दर्जनों राइनो मारे गए। भाजपा सरकार ने तय किया था कि हम ये नहीं चलने देंगे, अब ऐसा नहीं चलेगा। हमने इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को नए सिरे से मजबूत किया।