आरयू वेब टीम। बंगाल में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआइआर) के बीच इंटरनेशनल क्रिकेटर व टीम इंडिया के धाकड़ गेंदबाद मोहम्मद शमी कोलकाता में चुनाव आयोग की सुनवाई में शामिल हुए। सुनवाई के बाद उन्होंने कहा कि एसआइआर से किसी को नुकसान नहीं होने वाला है, ये अच्छी चीज है। इसमें हर किसी को शामिल होना चाहिए। साथ ही ये भी कहा कि सुनवाई में उनके साथ बहुत अच्छा व्यवहार हुआ।
भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की पेशी के बाद मंगलवार को एक अधिकारी ने बताया कि वह दक्षिण कोलकाता के बिक्रमगढ़ इलाके के एक स्कूल में आवश्यक दस्तावेजों के साथ चुनाव अधिकारियों के सामने पेश हुए। पश्चिम बंगाल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शमी ने जो गणना प्रपत्र (एनुमरेशन फॉर्म) भरे थे, उसमें कुछ जगहों पर गड़बड़ी थी। इसकी वजह से उन्हें सुनवाई के लिए बुलाया गया था।
उत्तर प्रदेश के मूल निवासी मोहम्मद शमी अपने क्रिकेट करियर के कारण करीब 25 साल से कोलकाता में रह रहे हैं। वे कोलकाता नगर निगम के वार्ड नंबर 93 के वोटर हैं। यह वार्ड रासबिहारी विधानसभा क्षेत्र में है। भारतीय तेज गेंदबाज और उनके भाई मोहम्मद कैफ को चुनाव आयोग ने सुनवाई के लिए नोटिस जारी किया था। साथ ही कहा कि जब भी उन्हें नोटिस दिया जायेगा, वह एसआइआर में शामिल होंगे। वह बार-बार आयेंगे। आयोग जिन्हें बुला रहा है, उन सभी लोगों को आना चाहिए। अपने डॉक्युमेंट्स ठीक करवा लेने चाहिए।
मोहम्मद शमी को जिस तारीख पर चुनाव आयोग के अधिकारियों ने अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया था, उस तारीख पर क्रिकेटर उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने इलेक्शन कमीशन से आग्रह किया कि उन्हें दूसरी डेट दी जाये, क्योंकि विजय हजारे ट्रॉफी में बंगाल की ओर से राजकोट में क्रिकेट खेल रहे हैं। इसके बाद आयोग की ओर से उनको नयी तारीख दी गयी।
यह भी पढ़ें- यूपी में SIR का ड्राफ्ट रोल कल नहीं होगा जारी, चुनाव आयोग ने एकाएक बताई नई तारीख
इस दौरान इंटरनेशनल क्रिकेटर ने लोगों से अपील की कि अगर उनके डॉक्युमेंट्स में कोई गड़बड़ी रह गयी है, तो उसे ठीक करवा लें। सभी लोगों को एसआइआर की प्रक्रिया में भाग लेना चाहिए और चुनाव आयोग के अधिकारियों और अपने बीएलओ की मदद करनी चाहिए। शमी अपने कोच की सलाह पर कम उम्र में ही कोलकाता आ गये थे। बाद में उन्होंने बंगाल के पूर्व रणजी कप्तान और कोच संबरन बंद्योपाध्याय के गाइडेंस में बंगाल की अंडर-22 टीम में जगह बनायी। बाद में वह टीम इंडिया के सबसे बेहतरीन गेंदबाजों में एक साबित हुए।




















