एडमिशन से पहले UGC ने जारी की 32 फर्जी यूनिवर्सिटी की लिस्ट, यहां देखें

विश्‍वविद्यालय अनुदान आयोग

आरयू वेब टीम। देश में पिछले दो वर्षों में फर्जी विश्वविद्यालयों की संख्या 20 से बढ़कर 32 हो गई है और इनका दायरा आठ राज्यों से बढ़कर 12 राज्यों तक पहुंच गया है। इस बढ़ते खतरे को देखते हुए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने छात्रों और अभिभावकों को सतर्क रहने की सख्त सलाह दी है।

एडमिशन से पहले ही यूजीसी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर फर्जी संस्थानों के नाम अपलोड करते हुए साफ शब्दों में कहा है कि छात्र और अभिभावक ऐसे संस्थानों से दूरी बनाकर रखें। क्योंकि यहां से मिली डिग्री न तो सरकारी नौकरी में काम आएगी और न ही आगे की पढ़ाई में।

यूजीसी के हालिया आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा, राजस्थान, झारखंड और अरुणाचल प्रदेश जैसे नए राज्यों में भी फर्जी विश्वविद्यालय सक्रिय हो गए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि दिल्ली में ही 12 फर्जी विश्वविद्यालय संचालित हो रहे हैं, जिनमें से कुछ यूजीसी मुख्यालय के बेहद करीब स्थित हैं।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश में चार, केरल, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में दो-दो, जबकि हरियाणा, राजस्थान, झारखंड और अरुणाचल प्रदेश में एक से एक फर्जी संस्थान की पहचान की गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन संस्थानों द्वारा जारी की जाने वाली डिग्रियां मान्य नहीं हैं और ऐसी यूनिवर्सिटी में प्रवेश लेने से छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें- फर्जी माकर्शीट-सर्टिफिकेट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, STF ने तीन सदस्यों को किया गिरफ्तार

यूजीसी ने छात्रों को प्रवेश से पहले अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर मान्यता प्राप्त और फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची जांचने की सलाह दी है। यूजीसी, के अनुसार, कई फर्जी संस्थान अब विदेशी विश्वविद्यालयों के नाम और लोगो का दुरुपयोग कर रहे हैं। हाल ही में श्रीलंका स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी ने शिकायत की कि महाराष्ट्र में उसके नाम और लोगो का इस्तेमाल कर एक फर्जी विश्वविद्यालय चलाया जा रहा है। इसके बाद आयोग ने दोबारा चेतावनी जारी की है।

ये है पूरी लिस्ट-

उत्तर प्रदेश: गांधी हिंदी विद्यापीठ प्रयागराज, महमाया टेक्निकल यूनिवर्सिटी नोएडा, नेताजी सुभाष चंद्र बोस ओपन यूनिवर्सिटी, अलीगढ़ एंड इंडियन एजुकेशन काउंसिल भारत भवन लखनऊ।

दिल्ली: ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एंड फिजिकल हेल्थ साइंसेज, कमर्शियल यूनिवर्सिटी लिमिटेड, यूनाइटेड नेशंस यूनिवर्सिटी, वोकेशनल यूनिवर्सिटी, एडीआर सेंट्रिक ज्यूडिशियल यूनिवर्सिटी, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड इंजीनियरिंग, विश्वकर्मा ओपन यूनिवर्सिटी फॉर सेल्फ एम्प्लॉयमेंट, स्पिरिचुअल यूनिवर्सिटी, वर्ल्ड पीस ऑफ यूनाइटेड नेशनल यूनिवर्सिटी, इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग, माउंटेन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट सॉल्यूशंस।

हरियाणा: मैजिक एंड आर्ट यूनिवर्सिटी, फरीदाबाद

झारखंड: दक्ष यूनिवर्सिटी, रांची, पश्चिम बंगाल, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव मेडिसिन, इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव मेडिसिन एंड रिसर्च

कर्नाटक: सर्व भारतीय शिक्षा पीठ, कर्नाटक ग्लोबल ह्यूमन पीस यूनिवर्सिटी

आंध्र प्रदेश: क्राइस्ट न्यू टेस्टामेंट डीम्ड यूनिवर्सिटी, आंध्र प्रदेश बाइबल ओपन यूनिवर्सिटी ऑफ इंडिया

अरुणाचल प्रदेश: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव मेडिसिन

महाराष्ट्र: राजा अरबीक यूनिवर्सिटी, नागपुर, महाराष्ट्र नेशनल बैकवर्ड कृषी विद्यापीठ, पुडुचेरी, उषा लचुमानन कॉलेज ऑफ एजुकेशन, पुडुचेरी श्री बोधि अकादमी ऑफ हायर एजुकेशन।

राजस्थान: राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट।

वहीं यूजीसी ने दोहराया है कि किसी भी विश्वविद्यालय में दाखिला लेने से पहले उसकी मान्यता की जांच अनिवार्य रूप से करें। आयोग का कहना है कि यदि समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो हजारों छात्रों का भविष्य दांव पर लग सकता है।

यह भी पढ़ें-  UGC के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट का ब्रेक, पूछा क्या भारत बनता जा रहा प्रतिगामी समाज