आरयू इंटरनेशनल डेस्क। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास सोमवार को एक ईरानी ड्रोन द्वारा ईंधन टैंक को निशाना बनाया। जिससे भीषण आग भड़क उठी और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात ये रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और आपातकालीन टीमों ने हालात पर काबू पा लिया।
दुबई मीडिया ऑफिस के अनुसार, ड्रोन हमले में एयरपोर्ट के आस-पास मौजूद एक फ्यूल टैंक प्रभावित हुआ, जिसके बाद आग भड़क गई। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर जल्द काबू पा लिया गया और स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।
घटना के बाद दुबई नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने यात्रियों और एयरपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित करने की घोषणा की। अधिकारियों का कहना है कि सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए गए थे और आग पर काबू पाते ही स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच यूएई पहले ही ईरान की ओर से कई मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना कर चुका है, जिनका असर एयरपोर्ट, पोर्ट और तेल सुविधाओं जैसे अहम ढांचों पर पड़ा है। जानकारी के मुताबिक इस संघर्ष की शुरुआत से अब तक ईरान यूएई पर 1,800 से ज्यादा मिसाइलें और ड्रोन दाग चुका है।
यह भी पढ़ें- बैंक हमले पर ईरान का सख्त रुख, मुस्लिम देशों को चेतावनी देकर बोले, जरूर दिया जाएगा इसका जवाब
इस हमलों की श्रृंखला के कारण खाड़ी क्षेत्र के प्रमुख वित्तीय केंद्र में हवाई यात्रा बार-बार प्रभावित हुई है। यूएई के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, संघर्ष शुरू होने के बाद से छह मौतों की पुष्टि हुई है, जिनमें चार नागरिक और दो सैन्यकर्मी शामिल हैं। सैन्यकर्मियों की मौत तकनीकी खराबी के कारण हुए एक हेलिकॉप्टर हादसे में हुई थी।
