आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी पुलिस एसआइ भर्ती परीक्षा में पूछे गए सवाल पर विवाद गहराता जा रहा है। इसको लेकर लगातार बयानबाजी जारी है। इसी बीच एक भगवाधारी युवक ने मंगलवार को पुलिस भर्ती बोर्ड ऑफिस हुसैनगंज में पहुंचकर, खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जहां पुलिस भर्ती बोर्ड में मौजूद पुलिस कर्मियों ने युवक को हिरासत में लिया।
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि युवक का नाम दीपक शर्मा है। उसका कहना है कि उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा में ब्राह्मण को अवसरवादी शब्द से जोड़ने को लेकर उसने हजरतगंज थाने में लिखित तहरीर देकर एफआइआर दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन हजरतगंज पुलिस ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे आहत होकर आज खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्महत्या का प्रयास किया था। युवक ने जिसे ही खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डाला तो वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। जिसे देख बोर्ड में मौजूद पुलिस कर्मियों ने युवक को हिरासत में लिया।
यह भी पढ़ें- SI एग्जाम के लिए बोर्ड ने जारी किया ईमेल-नंबर, अवांछनीय गतिविधियों की दें सूचना
दीपक शर्मा का कहना था कि ब्राह्मणों को लगातार बदनाम किया जा रहा है, जिसका हम विरोध कर रहे हैं। जब तक एफआइआर दर्ज नहीं होती वह फिर से खुदकुशी कर अपनी आहुति देने का काम करेंगे। हुसैनगंज पुलिस ने बुलंदशहर निवासी दीपक शर्मा को हिरासत में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर सिंह ने बताया कि आत्महत्या का प्रयास करने वाले दीपक शर्मा को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

















