चंदौली में निर्माणाधीन ओवरब्रिज का स्लैब गिरा, निर्माण पर उठे सवाल

स्लैब गिरा
निर्माणाधीन ओवरब्रिज का स्लैब गिरा।

आरयू वेब टीम। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में हावड़ा- दिल्ली रेल रूट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया। ये घटना सदर थाना क्षेत्र के बनौली खुर्द गांव के पास हुई, जहां ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा था। स्लैब गिरने की तेज आवाज से आस-पास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य पूरी तरह लापरवाही के साथ किया जा रहा था। ग्रामीण बबलू सिंह के अनुसार, निर्माण स्थल पर न तो कोई जिम्मेदार इंजीनियर मौजूद रहता है और न ही कोई अधिकारी निगरानी के लिए आता है। पूरा काम ठेकेदार और मजदूरों के भरोसे चल रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पिलर की गुणवत्ता ही संदिग्ध थी, तो उस पर स्लैब डालने की जल्दबाजी क्यों की गई।

हादसे के बाद जब ग्रामीणों ने मलबे की जांच की, तो निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस्तेमाल की गई सामग्री बेहद कमजोर थी, जो हाथ से रगड़ने पर ही टूट रही थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि पहले भी निर्माण की खराब गुणवत्ता को लेकर शिकायत की गई थी, लेकिन ठेकेदार के लोगों ने इसे नजरअंदाज कर दिया।

घटना में कुछ मजदूरों को हल्की चोटें आने की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि ढलैया के दौरान मौजूद मजदूर मलबे में दबे हो सकते हैं या उन्हें कहीं और ले जाया गया है। घटना के बाद से ही ठेकेदार और संबंधित अधिकारी मौके से गायब बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- बिहार में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन पुल गिरा, मजदूर की मौत, कई घायल

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन घटना ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें- राजधानी में चार मंजिला इमारत ढहने से दो लोगों की मौत, आठ घायल