आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह में ईद-उल-फित्र की नमाज अदा करने के बाद राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं ने एकजुट होकर लोगों को ईद की बधाई दी। इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, भाजपा की पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी सहित कई हस्तियां ईदगाह पहुंचीं।
ईद की नमाज आज सुबह करीब दस बजे शुरू हुई, जिसमें हजारों मुस्लिम भाई-बहनों ने हिस्सा लिया। नमाज के बाद नेताओं ने न केवल ईद मुबारक कहा, बल्कि अमन-चैन, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की अपील भी की। यह मौका राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सामाजिक एकता का प्रतीक बना।
यह भी पढ़ें- ईद पर ईरानी राष्ट्रपति का मुस्लिम देशों को पैगाम, आप हमारे भाई व पड़ोसी, आपसे हमारा कोई विवाद नहीं
इस दौरान अखिलेश यादव ने मौके पर मौजूद लोगों से कहा कि ईद का चांद सबका एक है और सभी को खुशियां मिलें। उन्होंने भाईचारे का संदेश दिया। वहीं डॉ. दिनेश शर्मा, अजय राय और रीता बहुगुणा जोशी ने भी उपस्थित जनसमूह को ईद की ढेर सारी मुबारकबाद दीं।
