आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कैसरबाग स्थित लखनऊ बार एसोसिएशन परिसर में हुए वार्षिक चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। इस बार का चुनाव काफी रोमांचक रहा, जिसमें कई पदों पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अध्यक्ष और महामंत्री जैसे अहम पदों पर नए विजेताओं ने जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद के चुनाव में जीएन शुक्ला ‘चच्चू’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। जीएन शुक्ला को कुल 1255 वोट मिले।
इस दौरान चच्चू के मुख्य प्रतिद्वंदी सुरेश पांडेय को 1136 मत प्राप्त हुए। दोनों उम्मीदवारों के बीच कड़ी टक्कर रही, लेकिन अंत में शुक्ला ने बढ़त बनाए रखते हुए जीत अपने नाम कर ली। जबकि महामंत्री पद पर भी मुकाबला दिलचस्प रहा। इस पद पर जितेंद्र यादव ‘जीतू’ ने 1094 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी आदर्श मिश्रा को 846 वोट मिले, जिससे वे दूसरे स्थान पर रहे।
इसके अलावा कुलदीप वर्मा को 568, मारुत शर्मा को 111 और कामिनी ओझा को 23 मत प्राप्त हुए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए भी मुकाबला कड़ा रहा। मनीष श्रीवास्तव ने 556 वोट हासिल कर बढ़त बनाई और जीत की ओर अग्रसर रहे। उनके प्रतिद्वंदी यज्ञमणि को 424 और कमल किशोर यादव को 369 मत मिले। अन्य पदों के परिणामों की घोषणा अभी जारी है। इस चुनाव में अधिवक्ताओं की भागीदारी काफी उत्साहजनक रही। कुल 3672 मतदाताओं में से 2722 वकीलों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
यह भी पढ़ें- लखनऊ अग्निकांड पर हाईकोर्ट की अफसरों को फटकार, कैसे हुआ अवैध कब्जा, DM-नगर निगम से मांगा जवाब
इस बार के चुनाव की सबसे खास बात महिला आरक्षण का लागू होना रहा। पहली बार कुल 22 पदों में से सात पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए। इनमें कोषाध्यक्ष का पद भी शामिल है, जिस पर चार महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ रही हैं।
इसके अलावा वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकारिणी में भी महिलाओं के लिए तीन-तीन सीटें सुरक्षित रखी गई हैं, जिससे महिला अधिवक्ताओं को नेतृत्व में भागीदारी का अवसर मिला। इस चुनाव में कुल 116 उम्मीदवारों ने विभिन्न पदों के लिए अपनी किस्मत आजमाई। चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रही, जिसने लोकतांत्रिक परंपरा को मजबूत किया।
