आरयू ब्यूरो लखनऊ। यूपी टी20 लीग ने लगातार हो रही भारी बारिश के कारण प्लेऑफ मैच के साथ फाइनल मुकाबले को कानपुर से लखनऊ शिफ्ट कर दिया गया है। टूर्नामेंट की गवर्निंग काउंसिल ने सोमवार को यह घोषणा की। इस प्रतियोगिता के चौथे सीजन के नॉकआउट मैच अब लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। हालांकि मुकाबले की तारीखों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने इस बारे में प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। साथ ही कहा कि लीग प्रबंधन के लिए खिलाड़ियों के हित, सभी टीमों को समान एवं खेल के लिए बेहतर स्थितियां देना और मैचों की गुणवत्ता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
संजय कपूर ने कहा कि कानपुर में लगातार बारिश से मैचों को पूरा कराना संभव नहीं हो पा रहा है, जिसके कारण खेल व खिलाड़ियों की प्रतिभाओं पर असर पड़ रहा है। ऐसे में प्लेऑफ जैसे महत्वपूर्ण और निर्णायक मैचों में सभी टीमों को पूरे 20 ओवर खेलने का समान और उचित अवसर मिलना अत्यंत आवश्यक है।
आगे कहा कि हमने आने वाले दिनों में मौसम के पूर्वानुमान का अवलोकन किया जिसमें कानपुर में लगातार बारिश दिखाई जा रही है। उपरोक्त परिस्थितियों को देखते हुए प्लेऑफ के मैच व फाइनल को लखनऊ में स्थानांतरित करने का निर्णय बड़े भारी मन से लिया गया है। डॉ. संजय कपूर ने कहा कि ये निर्णय किसी एक टीम के पक्ष या विपक्ष में नहीं, बल्कि खेल की निष्पक्षता और खिलाड़ियों के हित में लिया गया है। क्योंकि लगातार बारिश के कारण गीली आउटफील्ड से खिलाड़ियों के लिए चोट का जोखिम बढ़ सकता है।
मौसम के कारण मैचों के बार-बार बाधित होने और देर रात तक छोटे प्रारूप में मुकाबले समाप्त होने से खिलाड़ियों पर पड़ने वाली शारीरिक एवं मानसिक थकान को भी ध्यान में रखा गया है। हमारी निगाह में प्लेऑफ में पहुंचने वाली सभी टीमों को अपनी पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन करने के लिए बेहतर स्थितियां मिलनी चाहिए। आगे कहा कि लीग प्रबंधन का प्रयास है कि प्लेऑफ जैसे महत्वपूर्ण मैचों में खिलाड़ियों को पूरे 20 ओवर खेलने का अवसर मिले, दर्शकों को निर्बाध क्रिकेट का आनंद और टीमों को अपनी रणनीति एवं क्षमता का पूरा प्रदर्शन करने के लिए बेहतर मंच मिल सके। साथ ही बताया कि प्लेऑफ मैच व फाइनल मैच पूर्व निर्धारित तिथियों में यथावत लखनऊ में आयोजित होंगे।
यह भी पढ़ें- T20 वर्ल्ड कप में हरमनप्रीत संभालेंगी कप्तानी की कमान, BCCI ने किया टीम इंडिया का ऐलान
यूपी टी-20 लीग प्रबंधन ने कहा कि कानपुर चरण के दौरान दर्शकों, खिलाड़ियों, टीमों, अधिकारियों और सभी सहयोगी संस्थाओं से मिले समर्थन के लिए वह आभार व्यक्त करता है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह व अन्य मौजूद रहे।
