AAP नेता ने कानून-व्यवस्था पर योगी सरकार को घेरा, कहा उत्तर प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं

कानून-व्यवस्था
प्रेसवार्ता में बोलतीं लखनऊ आप की जिलाध्यक्षा इरम रिजवी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी की कानून-व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर योगी सरकार को घेरा है। आप उत्तर प्रदेश की लखनऊ जिलाध्यक्षा इरम रिजवी ने रविवार को कहा कि प्रदेश की बदहाल कानून-व्यवस्था और चरमराई महिला सुरक्षा पर भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए जोरदार हमला बोला। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उत्तर प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार सिर्फ प्रचार, इवेंट और दिखावटी दावों में व्यस्त है।

इरम रिजवी ने प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि प्रदेश की राजधानी में 12वीं की छात्रा से दिनदहाड़े छेड़छाड़ कर उसे जान से मारने की धमकी दी जाती है। गोरखपुर में आठ साल की मासूम बच्ची शादी में गई और दरिंदगी का शिकार हो गई। कुशीनगर में झोला छाप डॉक्टर द्वारा महिला के साथ दुष्कर्म कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया जाता है। बाराबंकी में थाने के पास किशोरी को जिंदा जला दिया जाता है।

साथ ही कहा कि जौनपुर में कक्षा चार की छात्रा छोटी मांगने के लिए प्रधानाचार्य के कक्ष में जाती है और वहीं अश्लील हरकत का शिकार होती है। कानपुर में शादी समारोह में जा रही 15 साल की किशोरी के साथ पिकअप में गैंगरेप किया जाता है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में घटी इन छह घटनाओं के अलावा मैनपुरी में दलित बेटी का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया जाता है। मेरठ में गैंगरेप, ब्लैकमेल और अमानवीय यातनाएं दी जाती हैं। उन्होंने कहा कि ये अलग-अलग घटनाएं नहीं, बल्कि भाजपा सरकार की ध्वस्त महिला सुरक्षा और नाकाम कानून-व्यवस्था की पूरी चार्जशीट हैं।

आप नेता ने कहा कि “बेटी बचाओ” का नारा देने वाली भाजपा बताए कि जब बेटियां ही सुरक्षित नहीं, तो सत्ता किस बात की? जब महिलाएं घर, सड़क, बाजार और यहाँ तक कि ट्रेन में भी सुरक्षित नहीं हैं, तब सुरक्षा के दावे किस आधार पर किए जा रहे हैं? हाल ही में ट्रेन के अंदर एक युवती के साथ दुष्कर्म हुआ और आरोपी ट्रेन का ही टीटीई निकला। ये बताता है कि व्यवस्था अंदर तक सड़ चुकी है।

इरम रिजवी ने कहा कि प्रदेश में अपराध सिर्फ़ महिलाओं तक सीमित नहीं है। श्रावस्ती में घर में घुसकर हत्या और लूट, सुल्तानपुर में घर के भीतर ट्रक चालक का गला काटकर कत्ल, गोरखपुर में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, अपराधी खुलेआम वारदात कर रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। रात के अंधेरे में परिवारों को बंधक बनाया जा रहा है, घरों में घुसकर कत्ल किए जा रहे हैं और सत्ता “सब ठीक है” का झूठा ढोल पीट रही है।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार पर निशाना साध AAP ने कहा, यूपी की 25 करोड़ जनता पर होने जा रहा बिजली महाघोटाले के जरिए आर्थिक हमला

उन्होंने कहा कि भाजपा राज में अपराधियों को खुली छूट और आम नागरिक को सिर्फ भय मिला है। यह सरकार सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और नैतिक आधार पर इसे प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। आप की लखनऊ जिलाध्यक्षा इरम रिजवी ने मांग की कि सभी जघन्य घटनाओं की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों को फास्ट ट्रैक अदालतों के माध्यम से कठोरतम सजा दी जाए, महिला सुरक्षा के लिए जवाबदेह और पारदर्शी तंत्र स्थापित किया जाए तथा कानून-व्यवस्था की व्यापक समीक्षा कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।

यह भी पढ़ें- AAP ने की मोदी-ट्रंप समझौता रद्द करने की मांग, संजय सिंह ने कहा, प्रधानमंत्री ने बेच दिया जनता-किसानों का हित