आरयू वेब टीम। एक मार्च के साथ ही कई नियमों में बदलाव लागू हो जाएंगे, जिसका सीधा असर आम आदमी पर पड़ेगा। जिसमें एक मार्च से ऑनलाइन टिकट बुकिंग, यूपीआइ, सिम बाइंडिंग, एलपीजी, सीएनजी, पीएनजी से जुड़े अहम नियम बदलने जा रहे हैं। जिसके तहत एक मार्च से ऑनलाइन जनरल क्लास और प्लेटफॉर्म टिकट बुक करने का नियम बदलने जा रहा है। रेल यात्री अब भारतीय रेल के यूटीएस ऐप से न तो जनरल क्लास की टिकट बुक कर पाएंगे और न ही प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर पाएंगे।
अब सिर्फ रेलवन मोबाइल ऐप से ही ऑनलाइन जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट बुक किया जा सकेगा। वहीं यूपीआई से होने वाले ट्रांजैक्शन को सुरक्षित बनाने के लिए सरकार एक मार्च से नया नियम लागू करने जा रही है। नए नियमों के तहत अब बड़े ट्रांजैक्शन के लिए सिर्फ यूपीआइ पिन से काम नहीं चलेगा। एक मार्च से यूपीआइ के जरिए बड़ा अमाउंट ट्रांसफर करने के लिए यूपीआइ पिन के साथ-साथ बायोमेट्रिक्स या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन की जरूरत होगी।
यह भी पढ़ें- 48 घंटे के अंदर फ्लाइट का टिकट कैंसिल करने पर नहीं कटेगा पैसा, DGCA ने बदला नियम
जबकि एक मार्च से सिम बाइंडिंग का नया नियम लागू होने जा रहा है। नए नियमों के तहत, वॉट्सऐप, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे मैसेजिंग ऐप अब सीधे आपके सिम कार्ड के साथ लिंक होंगे। अगर आप अपने मोबाइल फोन से सिम निकाल देते हैं तो ये मैसेजिंग ऐप तत्काल प्रभाव से काम करना बंद कर देंगे। मोबाइल से सिम निकालने के बाद किसी भी तरह का वाई-फाई नेटवर्क या हॉटस्पॉट से ये ऐप नहीं चलेंगे।
ऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी, सीएनजी, पीएनजी, एटीएफ के दामों में जरूरत के आधार पर कटौती या बढ़ोतरी करती हैं। लिहाजा एक मार्च को भी इन ईंधन की कीमतों में बदलाव किए जा सकते हैं।
