आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कई राज्यों में सिरप से हुई बच्चों की मौत के बाद भी देश में जानलेवा सिरप की आपूर्ति को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। साथ ही सपा मुखिया ने भ्रष्टाचार और सत्ता संघर्ष का आरोप लगाते हुए इस मामले की तत्काल जांच की मांग की है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्टकर कहा कि, “सरकार की नाक के नीचे जानलेवा सिरप की आपूर्ति अस्पतालों, जेलों और घरों तक में हो रही है, लेकिन स्वास्थ्य मंत्रालय चुप्पी साधे बैठा है। इस मौन के कारण किसको क्या लाभ मिल रहा है? और किसकी इस घुट्टी के घोटाले में संलिप्तता है। इसकी तत्काल जांच होनी चाहिए। ” उन्होंने आशंका जताई कि कहीं कोई व्यक्ति सत्ता से नजदीकी संबंधों का नाजायज फायदा उठाकर ऐसे नकली सिरप की आपूर्ति तो नहीं कर रहा है।
सपा प्रमुख ने कहा कि “भाजपा का भ्रष्टाचार अब लोगों के जीवन तक से खिलवाड़ कर रहा है।” उन्होंने मांग की कि इस सिरप घोटाले से मुनाफाखोरी का संबंध रखने वाले को उजागर किया जाए और दंडात्मक कार्रवाई की जाए।अखिलेश यादव ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार में हर विभाग में भ्रष्टाचार का पहाड़ खड़ा हो रहा है, जिसका मूल कारण वसूली करने वाले नहीं, बल्कि वे मुख्य सत्ताधारी लोग हैं, जो वसूली करवा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- कफ सिरप कंपनी पर ED का एक्शन, स्रेसन फार्मा मालिक-अधिकारियों के सात ठिकानों पर रेड
साथ ही आरोप लगाया कि वसूली, घूस, कमीशन और चंदे से जमा किए जा रहे अकूत धन का उपयोग “महापद की तैयारी” के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा और उनके सहयोगियों की यही परंपरा रही है कि जिसके पास महाकोष होगा, उसी की प्रधान दावेदारी होगी। इस प्रतिस्पर्धा में आम जनता को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- कफ सिरप से हुई बच्चों की मौत पर WHO ने मांगा जवाब, पूछा कितने देशों को किया एक्सपोर्ट




















