आरयू वेब टीम। आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले से एक दर्दनाक हादसा हो गया है। शनिवार को एक पटाखा निर्माण इकाई में जोरदार विस्फोट होने से 18 श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक वेटलापलेम गांव में स्थित यह ब्लास्ट आज दोपहर करीब दो बजे हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज घटनास्थल से पांच किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। जिस समय ये हादसा हुआ, उस वक्त यूनिट के अंदर 20 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे। धमाके के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आस-पास के ग्रामीण बचाव कार्य के लिए दौड़े।
बताया जा रहा है कि पटाखा फैक्ट्री में अचानक धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मरने वालों में ज्यादातर फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर बताए जा रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए राहत कार्य शुरू किया गया। हादसे के कारण फैक्ट्री में मलबा फैल गया है।
यह भी पढ़ें- अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट से उड़े मजदूरों के चिथड़े, 17 की मौत, कई घायल
इस संबंध में पुलिस ने 18 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की गई है, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके के बाद पूरी यूनिट मलबे में तब्दील हो गई और चारों ओर धुएं का गुबार छा गया और लाशों के चीथड़े खेतों में फैल गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया, जहां उनमें से कुछ की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है।
विस्फोट की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय ग्रामीणों ने बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में मदद की और एम्बुलेंस के जरिए घायलों को काकीनाडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।




















