धमाके के साथ उड़ी पटाखा फैक्ट्री, दो महिलाओं समेत आठ मजदूरों की मौत

आन्ध्र प्रदेश
खंडहर में तब्दील पटाखा फैक्ट्री।

आरयू वेब टीम। आंध्र प्रदेश में रविवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट की जद में आए आठ मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में मरने वाले श्रमिकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में जुटे गए।

पुलिस अधीक्षक तुहिन सिन्हा ने घटना की पुष्टि की है और बताया कि अनाकापल्ली जिले के कोटावुराटला क्षेत्र में स्थित एक पटाखा निर्माण इकाई में विस्फोट हुआ। जिसमें आठ मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में बचाव कार्य शुरूकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए विशाखापत्तनम के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फैक्ट्री के लाइसेंस और सुरक्षा उपायों की जांच की जा रही है, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और राज्य की गृह मंत्री अनिता से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने घटना की गहन जांच कर रिपोर्ट सौंपने के भी निर्देश दिए हैं।​

यह भी पढ़ें- अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट से उड़े मजदूरों के चिथड़े, 17 की मौत, कई घायल

इस हादसे ने पटाखा फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले भी अनाकापल्ली जिले में अवैध पटाखा फैक्ट्रियों में विस्फोट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें जानमाल का भारी नुकसान हुआ है। विशेष आर्थिक क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों की कमी और निरीक्षण की अनदेखी इन हादसों के पीछे प्रमुख कारण माने जा रहे हैं।​

यह भी पढ़ें- पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से आठ की मौत, कई घायल, दूर तक बिखरे शवों के चिथड़े, मलबे में बदला मकान