बारामती में अजित पवार का प्लेन क्रैश, डिप्टी सीएम समेत छह लोगों की दर्दनाक मौत

अजित पवार
क्रैश के बाद फ्लाइट से उठती आग की लपटें।

आरयू वेब टीम। बारामती में आज लैंडिंग के दौरान महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और एनसीपी नेता अजित पवार का निजी चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। इस विमान हादसे में डिप्टी सीएम अजित पवार समेत छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय लोगों से सूचना पाकर स्थानीय प्रशासन, पुलिस, रेस्क्यू टीमें और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और जांच  शुरू की।

बताया जा रहा है कि विमान मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुआ था, जहां अजित पवार को जिला परिषद चुनाव प्रचार के चार कार्यक्रमों में शामिल होना था। आज सुबह करीब नौ बजे लैंडिंग के दौरान विमान अचानक नियंत्रण खो बैठा और मैदान में क्रैश हो गया। जिससे जमीन पर गिरते ही एक के बाद एक करीब पांच धमाके हुए और विमान आग का गोला बन गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग और धुएं के बीच मलबे के टुकड़े चारों ओर बिखर गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन, पुलिस, रेस्क्यू टीमें और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं।

मिली जानकारी के अनुसार इस भयावह हादसे में अजित पवार समेत कुल छह लोगों की मौत हुई है। इनमें विमान के अन्य यात्री भी शामिल हैं। हादसे की वजह फिलहाल आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन संभवतः क्रैश लैंडिंग या तकनीकी खराबी इसका कारण रही हो सकती है।

यह भी पढ़ें- टेकऑफ करते ही अहमदाबाद में एयर इंडिया का प्लेन बिल्डिंग पर क्रैश, पूर्व मुख्‍यमंत्री समेत 242 यात्री थे सवार

जिस प्लेन में अजित पवार सवार थे वह लियरजेट 45XR था। ये विमान वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड का बताया जा रहा है, जो भारत की प्रमुख नॉन-शेड्यूल्ड (चार्टर) विमान ऑपरेटिंग कंपनियों में से एक है। लियरजेट 45XR (रजिस्ट्रेशन नंबर VT-SSK) एक हाई-परफॉर्मेंस सुपर- लाइट बिजनेस जेट है, जिसे तेज रफ्तार, बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी और ऊंचाई पर उड़ान भरने की क्षमता के लिए जाना जाता है। यह विमान आमतौर पर शॉर्ट और मीडियम रूट्स की उड़ानों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। विमान का विंगस्पैन करीब 47 फीट है और इसका वजन लगभग 9,752 किलोग्राम बताया जाता है।

यह भी पढ़ें- अजित पवार के निधन पर CM योगी, अखिलेश यादव व मायावती ने जताया शोक