कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल को मानाने का उठाया जिम्‍मा, जानें खून से चिट्ठी लिख कर क्‍या कहा

खून से चिट्ठी
खून से चिट्ठी लिखकर राहुल गांधी के लिए भेजते कार्यकर्ता।

आरयू वेब टीम। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद छोड़ने की जिद पर अड़ें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को मनाने की लाख कोशिशें कर हार चुके पार्टी के दिग्‍गज नेताओं के बाद अब कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं ने अपने नेता को मनानें के लिए अनोखा तरिका अपनाया है। बिहार में कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं ने खून से खत लिखकर अपील की है कि राहुल गांधी अपने पद पर बने रहें।

एक साथ कई कार्यकर्ताओं ने एक के बाद एक कर खून निकलवाया और राहुल गांधी के प्रति अपनी निष्ठा और भावनाओं का इजहार किया। लेटर लिखकर सभी कार्यकर्ताओं ने अपने खत प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा को सौंप दिया जो राहुल गांधी तक इसे पहुंचाएंगे। पटना के सदाकत आश्रम में कार्यकर्ताओं ने पहले सिरिंज से खून निकलवाया फिर उसमें पेन डुबोकर चिठ्ठी लिखी। करीब पंद्रह कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को अलग-अलग चिठ्ठी लिखी।

युवा कंग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कुमार आशीष ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि एक महीने हो गए अभी तक उन्होंने अपने निर्णय को वापस नहीं लिया है। बिहार के युवा नेता रक्‍तपत्र भेजकर उनसे आग्रह कर रहे हैं कि आप अपने निर्णय पर पुनर्विचार कीजिए। उनके सिवाय राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में और कोई स्वीकार नहीं है।

वहीं कुमार आशीष ने मीडिया को बताया कि ‘’पत्र में सभी लोगो ने अलग-अलग ढंग से अपना विचार रखा है। मैंने लिखा है कि आदरणीय राहुल भैया कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में दूसरा कोई पसंद नहीं है। वी लव यू राहुल जी। ये मैंने लिखा है, बाकी लोगों ने भी अपने-अपने तरीके से लिखा है।’’

आगे कहा, कि ‘’हमलोग अपना मैसेज देना चाहते हैं राहुल जी को कि बिहार में ही नहीं बल्कि पूरे देश में युवा आपके साथ तैयार हैं। एक-एक कतरा खून का भी हमारे शरीर से चला जाए तब भी हम पार्टी के लिए खड़े हैं। सच्चाई के रास्ते पर हम चलेंगे। आप रहें और हम आपके पीछे चलकर कांग्रेस को आगे बढ़ाएंगे।’’

वहीं बिहार एनएसयूआइ के प्रदेश अध्यक्ष चुन्नू सिंह ने अपने पत्र में शायराना अंदाज में लिखा कि, ”ये जवानी है कुर्बान राहुल गांधी तेरे नाम। पूरे बिहार के युवाओं की तरफ से राहुल जी के नाम रक्‍तपत्र भेजा जा रहा है। इसका कारण है कि राहुल गांधी ने सिखाया कि सच के लिए लड़ो, झूठ के खिलाफ लड़ो। राहुल जी ने हमे लड़ना सिखाया। हो सकता है इस चुनाव में परिणाम हमारे अनुकूल नहीं रहे, लेकिन पूरे देश के नौजवान जानते हैं कि इस देश को आगे बढ़ाने की क्षमता सिर्फ राहुल जी में हैं और हम जैसे नौजवानों का मानना है कि आप नेतृत्व करें हम संघर्ष के लिए तैयार हैं। हम जरूर लड़ेंगे और जीतेंगे।