AAP सांसद संजय सिंह का आरोप, भाजपा ने जानबूझकर पैदा किया जल संकट

दिल्‍ली में जल संकट
पत्रकारों से बात करते संजय सिंंह।

आरयू वेब टीम। दिल्ली जल संकट के लिये आम आदमी पार्टी ने आज एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला है। आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने सोमवार को आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में जल संकट भारतीय जनता पार्टी द्वारा जानबूझकर उत्पन्‍न किया गया है। साथ ही कहा यह जल संकट भाजपा के उपराज्यपाल, हरियाणा सरकार और भाजपा द्वारा प्रायोजित है।

प्रेसवार्ता में मीडिया से बातचीत में संजय सिंह ने आज भाजपा पर राष्ट्रीय राजधानी के निवासियों के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया। संजय सिंह ने कहा, “हमारा मानना ​​है कि प्यासे को पानी पिलाने से ज्यादा पुण्य का काम नहीं होता और पानी रोकने से बड़ा कोई पाप नहीं है।” पिछले कई दिनों से दिल्ली में भाजपा द्वारा प्रायोजित जल संकट है।
‘मैं बताना चाहता हूं कि भाजपा के लोग चाहते हैं कि दिल्ली के लोगों को पानी न मिले और इसके लिए भाजपा के लोग हरसंभव कोशिश कर रहे हैं कि कैसे भी करके दिल्ली में जल संकट हो।”

आप नेता ने कहा कि दिल्ली को हरियाणा से पानी मिलता है और जब भाजपा शासित राज्य आवश्यक पानी नहीं देता है तो पानी की कमी हो जाती है। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली में पानी कम हो रहा है, क्योंकि हरियाणा से पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है और इसके परिणामस्वरूप दिल्ली में जल संकट पैदा हो गया है। दिल्ली को उसका उचित हिस्स देने के लिए हरियाणा सरकार से बार-बार अनुरोध करने के बावजूद उसे उसका हक नहीं मिल रहा है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के हिस्से का पानी रोक रहा हरियाणा: आतिशी

उन्होंने कहा, “हम हरियाणा के लोगों के हिस्से का पानी नहीं मांग रहे हैं, हम दिल्ली के हिस्से का पानी मांग रहे हैं, आप वह भी नहीं देना चाहते। जब हम उपराज्यपाल से शिकायत करते हैं, तो शिकायतों का समाधान करने के बजाय उपराज्यपाल अपने राजनीतिक बयान जारी करते रहते हैं।” आप नेता ने दावा किया कि भाजपा दिल्ली में पानी की समस्या को हल करने के लिए नहीं, बल्कि जल संकट को बढ़ाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यह संकट भाजपा के उपराज्यपाल, हरियाणा सरकार और भाजपा द्वारा प्रायोजित है। सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और भाजपा दिल्ली की जनता के प्रति जवाबदेह हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली जलसंकट पर सुप्रीम कोर्ट का हिमाचल प्रदेश को आदेश, यमुना में तुरंत छोड़ें 137 क्यूसेक पानी