आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज एक बार फिर योगी सरकार को निशाने पर लिया है। साथ ही कहा है कि भाजपा सरकार की कुनीतियों से जनता त्रस्त है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। किसान, नौजवान, व्यापारी, कर्मचारी, हर वर्ग परेशान और पीड़ित है। किसी को न्याय नहीं मिल रहा है।
सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार से जनता की निराशा इतनी बढ़ गयी है कि नाउम्मीद होकर पीड़ित लोग आत्मदाह तक के लिए मजबूर हो रहे हैं। भाजपा नेतृत्व को सत्ता के अहंकार ने इतना संवेदनहीन बना दिया है कि उन्हें किसी की पुकार-गुहार-चीत्कार तक सुनाई नहीं देती है।
अपने एक बयान में अखिलेश हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री आवास के सामने अपनी रोजी-रोटी के लिए जूझ रहे रोडवेज संविदाकर्मियों द्वारा पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या करने का प्रयास बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हृदयहीन भाजपा सरकार चालकों-परिचालकों की मांगों का तुरंत संज्ञान ले और किसी भी अप्रिय घटना को घटने से बचाए। नौकरी-रोजगार किसी परिवारवाले के लिए जीवन-मरण से कम का सवाल नहीं होता है।
यह भी पढ़ें- तारों पर कपड़े सुखाने वाले बयान पर अखिलेश का पलटवार, जनता BJP को धो-पटककर देगी सुखा
किसी की सगी नहीं बीजेपी सरकार
इतना ही नहीं सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार संवेदनहीन है, ये किसी की सगी नहीं है। झूठे वादे करती है। जनता को गुमराह करती है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली व्यवस्था सब चौपट है। भाजपा ने नौ साल के कार्यकाल में समाज में नफरत फैलाने के अलावा कोई काम नहीं किया है। प्रदेश की जनता भाजपा की असलियत जान चुकी है। 2027 में जनता भाजपा को सत्ता से हटाकर उसके कुशासन का अंत कर देगी।




















