आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री आवास पर शुक्रवार को वीर बाल दिवस का कार्यक्रम का आयोजन हुआ। गुरु गोविंद सिंह के छोटे साहिबजादों जोरावर सिंह और फतेह सिंह की शहादत को समर्पित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज देश और दुनिया वीर साहबजादों को याद कर रहा, लेकिन जिन आक्रांताओं ने इस देश पर आक्रमण किया, उनका नाम लेने वाला कोई नहीं है।
सीएम योगी ने कहा आज भारत में हर शहर में गुरुद्वारा है। हर स्कूल हर कॉलेज हर स्थान पर कार्यक्रम हुए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने हर जगह आयोजन करवाएं। भाजपा और संघ भी कार्यक्रम करवा रहे हैं। स्वदेश और धर्म बलिदान करने वालों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 140 करोड़ का हिंदुस्तान और दुनिया के अंदर जहां कहीं भी सनातन धर्मावलंबी रहता है, सिख रहता है, वह इन बलिदानियों के प्रति, गुरु तेग बहादुर जी महाराज के प्रति, गुरु नानक देव जी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करता है। आज के समय में औरंगजेब का नाम लेने वाला उसकी कौम में भी पैदा नहीं हो पा रहा है। कोई उसका नाम लेने वाला नहीं है।
वहीं ये भी कहा कि सिख गुरुओं की परंपरा भारत की आध्यात्मिक और नैतिक शक्ति का आधार है। गुरु नानक देव जी महाराज से लेकर गुरु गोविंद सिंह जी तक, सभी गुरुओं ने मानवता, सेवा, त्याग और साहस का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि जहांगीर ने गुरु अर्जुनदेव पर बर्बरता की, लेकिन गुरु तेगबहादुर के तेज के सामने वह चल नहीं पाया। गुरुओं का बलिदान देश और धर्म के लिए था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने कलाकारों और बच्चों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। साथ ही कीर्तन समागम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कृपाण भेंट की गई।




















