आरयू वेब टीम। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की आलोचना की है। साथ ही कहा कि बिहार के युवा घर छोड़कर पलायन को मजबूर हैं इन्हें अब भाषण नहीं, बल्कि अपना भविष्य सुरक्षित करने के लिए रोजगार के अवसर चाहिए। उनकी ये टिप्पणी पटना में युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित महारोजगार मेले में भारी भीड़ जुटने के एक दिन बाद आई है।
राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “महा रोजगार मेले में उमड़ी भारी भीड़ सिर्फ एक जमावड़ा नहीं, बल्कि एक संदेश है कि बिहार के युवाओं को अब भाषण नहीं, बल्कि अपना भविष्य संवारने के लिए रोजगार चाहिए। जिस तरह से भाजपा और नीतीश सरकार ने बिहार को बेरोजगारी की आग में झोंक दिया है, लाखों युवा रोजी-रोटी की तलाश में अपना गांव, अपना परिवार, सब कुछ छोड़कर पलायन करने को मजबूर हैं।”
यह भी पढ़ें- राहुल ने कहा, देश की आपराधिक राजधानी बना बिहार, नीतीश बचा रहे कुर्सी तो भाजपा के मंत्री कमीशन खाने में लगे
वहीं स्थानीय रोजगार अवसरों के महत्व पर जोर देते हुए गांधी ने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन खोखले वादे करने के बजाय समाधान खोजने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। राहुल ने कहा, “बिहार के युवा मेहनती, क्षमतावान और प्रतिभाशाली हैं। उन्हें बस स्थानीय और सम्मानजनक रोजगार चाहिए। अब बदलाव की शुरुआत हो चुकी है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन सिर्फ वादे नहीं, बल्कि समाधान भी लेकर आ रहे हैं। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है। कौशल का अधिकार, हर युवा को रोजगार, पलायन रोकना और हर परिवार को साथ रखना।”
इसके अलावा युवा कांग्रेस ने भी एक्स पर पोस्ट किया कि रोजगार मेले में उमड़ी भीड़ राज्य में बेरोजगारी की समस्या की गंभीरता को दर्शाती है। इसमें कहा गया, “जयपुर और दिल्ली के बाद, यह हमारा एक और प्रयास था ताकि योग्य युवाओं को रोजगार मेले के जरिए रोजगार के अवसर मिल सकें।”




















