आरयू ब्यूरो, लखनऊ। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पर समाजवादी पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल से की गई अमर्यादित टिप्पणी को लेकर सियासी हंगामा शुरू हो गया है। भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी इसको लेकर काफी आक्रोश में हैं और समाजवादी पार्टी का सोशल मीडिया हैंडल चलाने वालों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसी क्रम में हजरतगंज थाने में इसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया है, जबकि शनिवार शाम को भाजपा नेताओं ने सपा मुखिया अखिलेश यादव का पुतला भी फूंका है।
वहीं बड़ी संख्या में आक्रोशित वकील सपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हजरतगंज कोतवाली पहुंचे, जहां समाजवादी पार्टी मीडिया सेल के द्वारा डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पर की गई अमर्यादित टिप्पणी को लेकर नाराजगी जाहिर की और शिकायत पत्र देते हुए कार्रवाई की मांग की।
भाजपा महानगर इकाई ने भी इस प्रकरण को लेकर सख्त रुख अपनाया है। महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी की तहरीर पर जहां सपा मीडिया सेल के खिलाफ गंभीर धाराओं में हजरगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। वही आनंद द्विवेदी के नेतृत्व में शनिवार शाम चारबाग स्थित अंबेडकर प्रतिमा के पास अखिलेश यादव का पुतला फूंका। साथ ही इस मामले में शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की गयी है।
इससे पहले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी मीडिया सेल ट्वीट का शेयर करते हुए निशाना साधा था। उन्होंने लिखा था कि, अखिलेश जी, ये आपकी पार्टी की भाषा है? ये आपकी पार्टी का आफिशियल हैंडल है! किसी के दिवंगत माता-पिता के लिए शब्दों का ये चयन है? लोकतंत्र में सहमति- असहमति-आरोप-प्रत्यारोप सब चलते आए हैं और चलते रहेंगे पर आप अपनी पार्टी को इस स्तर पर ले आएंगे? क्या डिंपल जी इस स्त्री विरोधी और पतित मानसिकता को स्वीकार करेंगी? सोचिएगा।
यह भी पढ़ें- व्योमिका सिंह पर रामगोपाल के बयान के बाद केशव मौर्या-ब्रजेश पाठक ने सपा सुप्रीमो से पूछा पार्टी का स्टैंड
बता दें कि समाजवादी पार्टी के सपा मीडिया सेल लगातार अपने पोस्ट के जरिये आये दिन चर्चाओं में बना रहता है। इसी बीच सपा मीडिया सेल ने 16 मई को यूपी सरकार में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट कर दिया है। सपा मीडिया सेल ने एक्स पर पोस्ट करते लिखा कि ‘बात-बात पर सपा के डीएनए पर बयानबाजी करने वाले बृजेश पाठक अपना डीएनए अवश्य चेक करवाएं और उसकी रिपोर्ट सोशल मीडिया पर जरूर डालें, जिससे उनका असली डीएनए पता चल सकें।
पोस्ट में आगे लिखा कि बृजेश पाठक का खुद का डीएनए सोनागाछी और जीबी रोड का है, उन्हें खुद नहीं पता कि उनका असली डीएनए क्या है। कहां का है और किसका है, इसीलिए कुंठाग्रस्त होकर वे सबके डीएनए पर सवाल उठाते हैं? दरअसल बृजेश पाठक इतनी पार्टियां बदल चुके हैं और इतने डीएनए से युक्त हो चुके हैं कि भ्रमित हैं।
सपा मीडिया सेल ने यह भी लिखा कि ब्रजेश पाठक अपना डीएनए चेक करवाकर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करें, तो हम अभियान चलाकर उनका डीएनए सोनागाछी और जीबी रोड के रेगुलर कस्टमर्स से मिलान करवाएंगे। फिर बृजेश पाठक को उनका असली डीएनए का पता बताएंगे। फिलहाल सपा मीडिया सेल ने अपना विवादित पोस्ट डिलीट कर दिया है।