बसपा में बड़ा फेरबदल, मायावती ने फिर बढ़ाया समधी अशोक सिद्धार्थ का कद, रामजीलाल की घटी जिम्‍मेदारी

मायावती

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने 2027 के विधानसभा चुनाव और आगामी अन्य राज्यों के चुनावों को देखते हुए संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। इस बदलाव में एक बार फिर मायावती ने अपने समधी डॉ. अशोक सिद्धार्थ का कद बढ़ा दिया है, जबकि बसपा में अब तक नंबर एक की हैसियत रखने वाले रामजीलाल गौतम की जिम्मेदारियों में बड़ी कटौती की है। बसपा मुखिया ने अशोक सिद्धार्थ को राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची में नंबर एक पर रखते हुए चार राज्यों की कमान सौंपी है।

बसपा सुप्रीमो ने अशोक सिद्धार्थ को इन्हें दिल्ली, गुजरात, छत्तीसगढ़ और केरल का प्रभारी बनाया गया है। गौरतलब है कि अशोक सिद्धार्थ को पिछले साल फरवरी में पार्टी से निष्कासित किया गया था, लेकिन सितंबर 2025 में उनकी वापसी हुई और अब उन्हें सबसे महत्वपूर्ण पद दिया गया है।

यह भी पढ़ें- मायावती ने भतीजे आकाश के ससुर व नितिन सिंह को BSP से निकाला

वहीं रामजी गौतम से दिल्ली, एमपी, झारखंड और बिहार जैसे बड़े राज्य वापस लेकर अब महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि राजाराम को अब मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।

यह भी पढ़ें- मायावती ने सरकार के ‘रिपोर्ट कार्ड’ को किया खारिज, राज्यपाल के अभिभाषण को बताया ‘औपचारिक रस्म’

इसके अलावा मायावती ने मुस्लिम वोट बैंक को साधने के लिए नौशाद अली का कद बढ़ाया है। उन्हें उत्तर प्रदेश के चार सबसे महत्वपूर्ण मंडलों कानपुर, लखनऊ, आगरा और मेरठ का प्रभारी बनाया गया है। बसपा की रणनीति में इन मंडलों को जीत की कुंजी माना जाता है।

इसके अलावा अन्य नियुक्तियां इस प्रकार हैं:

गिरीश चंद्र: उत्तराखंड के प्रभारी।

सुमरत सिंह: राजस्थान के प्रभारी।

वहीं यूपी के 18 मंडल: सभी 18 मंडल प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है।

यह भी पढ़ें आकाश आनंद के बाद ससुर अशोक ने मायावती से मांगी माफी, बसपा में हुई वापसी