बुद्धेश्वर महादेव के शिवलिंग से चांदी का आवरण हटाने पर अड़े कांवड़िए, सड़क पर लगाया जाम

कांवड़िए
जाम लगाए कांवड़ियों को समझाती पुलिस।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सावन के तीसरे बुधवार को लखनऊ मोहान रोड पर बिठूर से गंगाजल लेकर लौटे करीब 1500 कांवड़ियों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिससे जाम की स्थिति बन गई। कांवड़ियों की मांग थी कि पौराणिक बुद्धेश्वर महादेव मंदिर के शिवलिंग पर चढ़ा चांदी का आवरण हटाया जाए और भक्तों को मूल शिवलिंग के दर्शन कराए जाएं। कांवड़ियों के प्रदर्शन के चलते मोहान रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

इस संबंध में ​​वैदेही सेना के अध्यक्ष अनमोल द्विवेदी ने बताया कि रविवार को करीब 1500 कांवड़ियों का जत्था बुद्धेश्वर महादेव मंदिर से कानपुर के बिठूर स्थित गंगा तट से जल लेने के लिए रवाना हुआ था। बुधवार सुबह जब कांवड़िए गंगाजल लेकर लखनऊ लौटे तो वे आगरा एक्सप्रेस-वे के पास मोहान रोड पर एकत्र हो गए। कांवड़ियों का कहना था कि वे सैकड़ों किलोमीटर पदयात्रा करके पवित्र गंगाजल लाए हैं, इसलिए उन्हें मूल शिवलिंग पर ही जलाभिषेक करने की अनुमति दी जाए।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में बच्चों की स्कूली वैन पर कांवड़ियों ने किया पथराव, डरकर रोने लगे मासूम

​वहीं ​कांवड़ियों के बड़े प्रदर्शन की खबर मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसीपी काकोरी शकील अहमद के नेतृत्व में पारा, दुबग्गा और काकोरी थाने की भारी पुलिस फोर्स तत्काल मौके पर पहुंची। ​इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने वैदेही सेना के पदाधिकारियों और कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें समझाया-बुझाया। स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लेते हुए मोहान रोड पर प्रभावित यातायात को सुचारू कराया गया और शांतिपूर्ण जलाभिषेक की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही।

यह भी पढ़ें- सावन के पहले ही दिन कांवड़ियों ने कई जगाहों पर मचाया उत्पात, चालक की पिटाई कर किया चक्काजाम