आरयू वेब टीम। भारी बारिश ने इन दिनों तबाही मचा रखी है। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भूस्खलन ने एक बार फिर जनजीवन अस्त-व्यस्त कर रखा है। बत्ती के हट्टी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर हुए भूस्खलन के कारण सड़क पूरी तरह बंद हो गई है, जिससे यातायात ठप्प हो गया है।
इसके अलावा भरमौर क्षेत्र में भी कई जगहों पर भूस्खलन की वजह से सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। इससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही। लोग अपनी सुरक्षा को खतरे में डालकर यात्रा करने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों ने मीडिया को बताया कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ों से मिट्टी और पत्थर गिर रहे हैं, जिससे सड़कें खतरनाक हो गई हैं। उनका कहना है कि ये स्थिति उनके दैनिक जीवन को कठिनाई पूर्ण बना रही है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से बड़ा हादसा, भूस्खलन से एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत
इस बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में और बारिश की चेतावनी जारी की है, जो राहत कार्यों को और चुनौतीपूर्ण बना सकती है। पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर सक्रिय हैं। वे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, सड़कें खोलने का प्रयास तेजी से चल रहा है, लेकिन भूस्खलन के खतरे को देखते हुए सावधानी बरती जा रही है। स्थानीय लोग सरकार से मांग कर रहे हैं कि उन्हें मुआवजा दिया जाए और सड़कों की हालत बेहतर की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी परेशानियां न हों।