आरयू ब्यूरो, लखनऊ। युद्ध के बीच गैस और पेट्रोल-डीजल की किल्लत ने राजधानी लखनऊ समेत प्रदेशभर की जनता को परेशान कर दिया है। इस बीच योगी सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पेट्रोल-डीजल व घरेलू गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक है। साथ ही मुख्यमंत्री योगी ने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि इन उत्पादों की कथित किल्लत की अफवाहें फैलाकर इसकी आड़ में जमाखोरी व कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जिले में पेट्रोल-डीजल की पूरी उपलब्धता के साथ पर्याप्त संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। इस दौरान सीएम ने निर्देश दिए हैं कि पेट्रोल-डीजल व गैस आपूर्ति श्रृंखला पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
वहीं योगी ने का कहा कि जिलों में अधिकारियों द्वारा पेट्रोल-डीजल फिलिंग स्टेशनों तथा गैस एजेंसियों के निरीक्षण का काम किया जा रहा है। योगी सरकार ने आज यह भी दावा किया कुछ स्थानों से कालाबाजारी और किल्लत की बातें सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से जो सामने आ रहीं वो भ्रामक हैं।
यह भी पढ़ें- गैस की कीमतों में भारी बढ़ोतरी, घरेलू सिलेंडर 60 व कमर्शियल 114 रुपये हुआ महंगा
सीएम ने कहा कि प्रशासन को ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला स्तर पर भी लगातार निगरानी की जा रही है। इस दौरान राज्य सरकार ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।




















