COVID-19: भारत सहित 20 देशों से आने वालों पर सऊदी अरब ने लगाया बैन

सऊदी अरब ने लगाया बैन

आरयू इंटरनेशनल डेस्‍क। कोरोनो वायरस के मामलों की बढ़ती संख्या के बीच, सऊदी अरब ने भारत सहित कम से कम 20 देशों के लोगों के देश में एंट्री पर बैन लगा दिया है। कोरोना महामारी के मद्देनजर, सऊदी अरब ने गुरुवार को एक बयान जारी कर बताया कि उसके द्वारा भारत समेत दुनिया के 20 देशों के लोगों के प्रवेश को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। रियाद में भारतीय दूतावास  ने इस बात की जानकारी दी।

सऊदी अरब में भारत के दूतावास ने एक ट्वीट कर बताया कि सऊदी अरब ने दो फरवरी 2021 को अपने सर्कुलर को जारी किया, जिसमें भारत के अलावा, निम्नलिखित 19 देशों से आने वाले यात्रियों के लिए किंगडम में अस्थायी रूप से प्रवेश को निलंबित कर दिया गया।

यह भी पढ़ें- चीन की लापरवाही से दुनिया में फैला कोरोना, वैज्ञानिकों ने मानी चमगादड़ों के काटने की बात

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी  के अनुसार, सऊदी में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 3,71,356 तक पहुंच गई है। जबकि मरने वालों की संख्या बढ़कर 6,415 हो गई है।

सऊदी अरब ने जिन देशों के लोगों पर अस्थायी बैन लगाया है, उनमें भारत, अर्जेंटीना, संयुक्त अरब अमीरात, जर्मनी, संयुक्त राज्य अमेरिका, इंडोनेशिया, आयरलैंड, इटली, पाकिस्तान, ब्राजील, पुर्तगाल, यूनाइटेड किंगडम, तुर्की, दक्षिण अफ्रीका, स्वीडन, स्विटजरलैंड, फ्रांस, लेबनान, मिस्र और जापान  शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- सऊदी जा रहे विमान का अमौसी एयरपोर्ट पर निकला पहिया, बाल-बाल बचे 298 यात्री