इंडिया गठबंधन की बैठक; 16 राजनीतिक दलों ने PM मोदी को लेटर लिख की संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग

इंडिया गठबंधन
प्रेसवार्ता में बोलते कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा

आरयू वेब टीम। दिल्ली में मंगलवार को इंडिया गठबंधन की बैठक हुई। जिसमें पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद कांग्रेस पार्टी और विपक्षी दलों ने सरकार को जवाबी कार्रवाई करने के लिए अपना पूरा समर्थन दिया था। साथ ही 16 राजनीतिक दलों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेटर लिखकर संयुक्त रूप से एक विशेष संसद सत्र की मांग की है।

बैठक के बाद कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रेस से बात करते हुए बताया कि हमारी मांग थी कि एक विशेष संसद सत्र बुलाया जाए, जिसके माध्यम से हम हमारी सेनाओं का धन्यवाद कर सकें और सरकार इस पूरे मामले पर अपनी बात रख सके। ये भी कहा कि हम चाहते थे सरकार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से लेकर अमेरिका द्वारा सीजफायर की घोषणा, पाकिस्तान को वैश्विक तौर पर अलग करने और आतंकवाद को जड़ से खत्म करने जैसे तमाम मुद्दों पर अपनी बात रखें और रणनीतिक चर्चा करें।

उन्होंने कहा कि जब सरकार दूसरे देशों में अपनी बात रख रही है तो देश की संसद में भी यह सारी बातें रखी जाए, क्योंकि देश के 140 करोड़ लोगों की भावनाएं संसद से जुड़ी हुई है। आज इस पत्र के माध्यम से सभी दलों के नेताओं ने इस मांग को दोहराया है।

इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा, “हमने प्रधानमंत्री को जो पत्र लिखा है, उस पर 16 राजनीतिक दलों के हस्ताक्षर हैं। यह कोई सामान्य पत्र नहीं है। विपक्ष जनता की आवाज है। हम चाहते हैं कि देश में अब तक जो कुछ भी हुआ है, उस पर चर्चा के लिए विशेष सत्र बुलाया जाए। अगर राष्ट्रपति ट्रंप के कहने पर आप युद्ध विराम कर सकते हो, तो आप विपक्ष के बार-बार अनुरोध के बाद भी विशेष सत्र क्यों नहीं बुला रहे? क्या हमें विशेष सत्र बुलाने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप के पास जाना पड़ेगा?

यह भी पढ़ें- UP: बजट सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक कर नेता सदन ने मांगा विपक्षी दलों से सहयोग

वहीं, इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा, “अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 15 दिनों में 13 बयान दिए और उन बयानों से भारत की भावनाएं आहत हुई हैं। एक समुदाय और एक राष्ट्र के तौर पर हम आहत हैं और इसके लिए संसद बुलाई जाती है। यह पक्ष और विपक्ष का मामला नहीं है, यह जवाबदेही का मामला है।”

यह भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर और सीजफायर पर चर्चा के लिए राहुल व खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी को लेटर लिख की विशेष संसद सत्र बुलाने की मांग