आरयू वेब टीम। सत्ता से बेदखल होने के बाद से ही आम आदर्मी पार्टी एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाना शुरू कर, लगातार भाजपा सरकार के दावों की हकीकत सामने ला रही है। फिर चाहे दिल्ली में फिल्टर पानी वाली यमुना हो या फिर एक्यूआइ स्टेशन पर पानी का छिड़काव हो। अब दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने क्लाउड सीडिंग को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा है। साथ ही आर्टिफिशियल रेन के नाम पर भाजपा सरकार द्वारा ड्रामेबाजी करने का आरोप लगाया है। आप नेता ने कहा कि इसमें आम लोगों का पैसा खर्च किया जा रहा है। दिल्ली में कृत्रिम बारिश हो ही नहीं सकती, इसके वैज्ञानिक कारण हैं।
आर्टिफिशियल रेन को लेकर सौरभ भारद्वाज ने आज भी एक प्रेसवार्ता कर कहा कि जनता को बेवकूफ बनाने के लिए बीजेपी सरकार ने आर्टिफिशियल रेन की बात की। 27 अक्टूबर को बादल थे और उन्हीं को देखकर इन्होंने कृत्रिम बारिश की बात की। वैज्ञानिकों ने कहा है कि क्लाउड सीडिंग होते ही 15 मिनट में बारिश हो जाती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इन्होंने उस टाइम को बढ़ा लिया। कहीं भी एक बूंद बारिश नहीं हुई। साथ ही कहा कि तीनों संस्थानों ने बताया कि इसकी जरूरत ही नहीं है। विंटर में क्लाउड सीडिंग की जरूरत नहीं है, अपने आप ही बारिश होगी।
ये बात दिसंबर 2024 में कही गई। वेस्टर्न डिर्स्टबेंस के बादल अपने आप बरस जाते हैं। खर्चा करने की जरूरत नहीं है और जो ऊंचे बादल हैं उन्हें एयरक्रॉफ्ट सीड नहीं कर पाएगा। अगर कर भी दिया तो दिल्ली का जो मौसम है उसमें पानी अगर आ भी जाएगा तो वो नीचे आते-आते वापस भांप बन जाएंगे, इसलिए दिल्ली में ये नहीं किया जा सकता है। इसमें जो कैमिकल यूज होता है, उससे लोग बीमार हो सकते हैं, इसलिए केंद्र सरकार कहती है दिल्ली में क्लाउड सीडिंग नहीं हो सकती।
कितना पैसा खर्च हुए, परिणाम क्या निकले
सौरभ ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मांग की कि वह जनता को बताएं कि इस परियोजना पर कितना पैसा खर्च हुआ और परिणाम क्या निकले। भारद्वाज ने कहा कि यह पूरी तरह से एक स्कैम है। जनता के टैक्स के पैसों की एक-एक पाई का हिसाब लिया जाएगा। आगे कहा कि जब आप जानते थे कि दिल्ली में कृत्रिम बारिश नहीं हो सकती तो फिर ये सर्कस क्यों खड़ा किया गया। क्यों करोड़ों रुपए खर्च किए गए। देश और दिल्ली को क्यों बेवकूफ बनाया जा रहा है। ये ड्रामेबाजी क्यों हो रही है।
यह भी पढ़ें- बरेली जाने वाले AAP नेताओं को रोकने पर बोले संजय सिंह, यूपी में लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना भी है बंद
वहीं आप प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि यह शर्मनाक है कि कल भाजपा ने झूठ बोला कि उन्होंने करोल बाग, मयूर विहार और बुराड़ी में कृत्रिम बारिश करवाई थी। जब हमने जांच की तो पाया कि एक भी बूंद नहीं गिरी। हल्की बारिश तो कहीं भी हो ही जाती है, लेकिन भाजपा असली बारिश का भी श्रेय लेना चाहती है। भाजपा ने क्लाउड सीडिंग में भी बड़ा घोटाला किया है। भाजपा को तो पता ही नहीं कि क्या उपाय करने हैं, क्योंकि वे दिखावे और सुर्खियां बटोरने का काम करते हैं।
वहीं 28 अक्तूबर को दिल्ली में हुई क्लाउड सीडिंग पर आइआइटी कानपुर के प्रोफेसर मनींद्र अग्रवाल ने कहा कि क्लाउड सीडिंग के दौरान बादलों में नमी बहुत कम केवल 15 प्रतिशत पाई गई। इतनी कम नमी के कारण बारिश होने की संभावना बहुत कम थी, इसलिए इस बार सफलता नहीं मिली।
 
 




















