पूर्व विधायक कमलेश शुक्ला का हार्ट अटैक से निधन

निधन
पूर्व विधायक कमलेश शुक्ला। (फाइल फोटो)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक कमलेश शुक्ला का शनिवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे 75 वर्ष के थे। उन्होंने उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित मेडिसिटी अस्पताल में अंतिम सांस ली।

कमलेश शुक्ला के निधन की जानकारी उनके ज्येष्ठ पुत्र एवं भाजपा नेता डॉ. संजीव शुक्ल ने देते हुए बताया कि आज दोपहर लगभग दो बजे हृदय गति रुक जाने से उनका निधन हो गया है। साथ ही बताया कि दिवंगत नेता का अंतिम संस्कार रविवार को हरिद्वार में किया जाएगा। उनके परिवार में तीन पुत्र और एक पुत्री हैं।

ज्येष्ठ पुत्र डॉ. संजीव शुक्ल भाजपा नेता हैं, जबकि मंझले पुत्र राजीव शुक्ला और कनिष्ठ पुत्र अनूप शुक्ला रुद्रपुर, उत्तराखंड में निवास करते हैं। उनके निधन की खबर मिलते ही देवरिया जनपद सहित उत्तराखंड के रुद्रपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

कमलेश शुक्ला वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद की रामपुर कारखाना विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए थे। वे मूल रूप से देवरिया जनपद के भेड़ी शुक्ल गांव के निवासी थे, हालांकि उन्होंने उत्तराखंड को अपनी कर्मभूमि बनाया और वहीं से सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस नेता व पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल का निधन, राजनीतिक जगत में शोक

कमलेश शुक्ला गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय की कार्य समिति के सदस्य भी रहे। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए। इंडिया कॉन्फ्रेंस ऑफ इंटेलेक्चुअल्स द्वारा समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें “यूपी रत्न” सम्मान से भी नवाजा गया था। यह सम्मान लखनऊ में आयोजित एक समारोह में तत्कालीन राज्यपाल राम नाईक के हाथों प्रदान किया गया था।

यह भी पढ़ें- पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी का निधन, 81 की उम्र में ली आखिरी सांस